इंदौर. बड़ा गणपति से लेकर कृष्णपुरा छत्री तक सड़क की चौड़ाई 60 फीट की जानी है। इसके लिए मंगलवार से सेंट्रल लाइन डालने का कार्य नगर निगम द्वारा प्रारंभ किया जाएगा। यहां 250 से अधिक मकान-दुकान व 13 मंदिर सड़क चौडिकरण में बाधक है। इन बाधाओं को हटाने के लिए निगम द्वारा एक माह का समय दिया जाएगा, इसके बाद तोड़फोड़ प्रारंभ होगी।
निगमायुक्त आशीष सिंह के अनुसार बड़ा गणपति से कृष्णपुरा छत्री के बीच 1.7 किमी की इस सड़क का सर्वे कराया जा चुका है। यह सड़क कहीं 15 फीट तक चौड़ी है तो कहीं 57 फीट तक चौड़ी है। अब इस सड़क को 18 मीटर (60 फीट) चौड़ा बनाया जाएगा। सड़क की लागत 32.25 करोड़ रुपए होगी। टेंडर 20 फरवरी को खुलेंगे। इस सड़क पर दुकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान बड़ी संख्या में हैं, जबकि रहवासी क्षेत्र बहुत कम हैं। कई इमारतों का सेमी कमर्शियल इस्तेमाल हो रहा है।
निगम द्वारा यह सड़क दो चरणों में बनाना तय किया है। पहले चरण में बड़ा गणपति से लेकर गोराकुंड तक के हिस्से को बनाया जाएगा। इस दौरान पहले यहां बाधक मकान तोड़े जाएंगे। फिर सड़क बनाई जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण का काम शुरू किया जाएगा।
1975 के मास्टर प्लान में थी 60 फीट चौड़ी
1975 में आए मास्टर प्लान में इस सड़क को 60 फीट चौड़ा बताया गया था। उसके बाद बने मकानों को 10 फीट पीछे सेटबैक दिया गया। ऐसे मकानों और दुकानों की संख्या सर्वाधिक 70 प्रतिशत तक है। करीब 25 प्रतिशत मकान और दुकान 1975 के पहले के बने हुए हैं, जिनके पास मास्टर प्लान के अनुसार नक्शे और सेटबैक नहीं है। 5 प्रतिशत मंदिर व हेरिटेज भवन हैं। इस रोड पर दोनों तरफ बसे 75 प्रतिशत लोगों ने पीछे 10-10 फीट का सेटबैक भी ले लिया और बाद में आगे स्वीकृत नक्शे के विपरीत दुकानें और मकानों के ओटले बढ़ा लिए। इससे सड़क की चौड़ाई बहुत कम हो गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/central-line-will-be-laid-on-tuesday-to-widen-the-road-from-bada-ganapati-to-krishnapura-chhatri-60-feet-126610411.html
No comments:
Post a Comment