Tuesday, February 11, 2020

दो महीने पहले हुअा भूमिपूजन, एक माह में तीन बार सड़क की नापजोख फिर भी निर्माण शुरू नहीं


वार्डवासी बोले- सड़क निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को नगर पालिका का करेंगे घेराव

शहर के वार्ड 8 में बरूआ नगर और गणेश कॉलोनी के स्थानीय लोग पिछले तीन साल से जर्जर रोड और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि सड़क बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा भूमि पूजन भी करने के साथ एक महीने में तीन बार नापजोख भी कराई गई है। लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को एक फिर वार्डवासियों ने नपाधिकारियों के के विरोध में नारेबाजी करते हुए नगर पालिका का घेराव करने की बात कही।

गौरतलब है कि शहर के वार्ड 8 में बरूआ नगर और गणेश कॉलोनी के बीच से निकाली सड़क पर सीसी बिछाने का टेंडर नगर पालिका द्वारा तीन साल पहले किया गया था। टेंडर के बाद नपा ठेकेदार द्वारा पहले नाली बनाने का काम शुरू किया गया था। लेकिन ठेकेदार ने बीच में काम बंद कर दिया। जिसके बाद से निर्माण कार्य पिछले तीन साल से अधूरा पड़ा हुआ है। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर जलभराव होने से कालोनी के तीन हजार लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नपा की तरफ से पानी निकासी के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। वर्तमान में रोड पर दो फीट तक पानी भरा हुआ है। ऐसे में हम लोगों को कॉलोनी की अन्य गलियों से होकर रोजाना आवागमन करना पड़ रहा है। इसके अलावा रोड पर पानी भरा होने से बदबू और मच्छरों ने हमारी परेशानी को और अधिक बढ़ा दिया है।

पानी निकासी के लिए नहीं है नाली

वार्ड क्रमांक 8 के लोगाें का कहना है कि यह रोड दोनों कॉलोनियों के बीच से निकली हुई है। इस लिए यहां से बरूआ नगर और गणेश कॉलोनी के लोगों का तीन साल पहले आना-जाना होता था। लेकिन गंदे पानी की निकासी के लिए गली में नालियां नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बरसात के दिनों में गली में कीचड़ अधिक होने के कारण गली में दलदल की स्थिति बन जाती है।

विधायक कर चुके हैं निरीक्षण

स्थानीय निवासी गिर्राज सिंह तोमर, योगेंद्र सोनी, उपेंद्र सिंह नरवरिया ने बताया कि 16 सितंबर 2019 को विधायक संजीव सिंह कुशवाह द्वारा इस रोड का निरीक्षण किया गया था। उस दौरान उन्होंने पूछा था कि इस इलाके की जलभराव की समस्या का निदान कैसे हो सकता है। तब हम सभी ने कहा कि सड़क व नालियां स्वीकृत है उसे बनवा दीजिए। इसके बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका।

खबर प्रकाशित होने के बाद हुआ था भूमिपूजन

नीरज सिंह परिहार, लटूरी सिंह चौहान, अरवेश शर्मा ने बताया कि दो माह पहले दैनिक भास्कर द्वारा हमारी इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका अधिकारी हरकत में आए, और उन्होंने आनन-फानन में रोड निर्माण के लिए भूमि पूजन कराया। वहीं एक महीने पर नपाधिकारियों के द्वारा पिछले एक माह में तीन बार सड़क की नापजोख कराई गई। लेकिन उसके बाद भी अभी तक रोड निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है। इस बीच हमारे द्वारा इस मामले को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर साहब को भी अवगत कराया। लेकिन वहां से भी हमें सिर्फ निर्माण का आश्वासन ही मिला।

नपा का करेंगे आज घेराव

विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित वार्डवासियों ने कहा कि हम लोग पहले भी विरोध प्रदर्शन के दौरान कह चुके हैं कि अगर सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो निकाय चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान राममोहन सोनी, सुरेश सोनी, करण टांक, मुकेश आदि का कहना था बुधवार को रोड बनाने की मांग को लेकर नगर पालिका का घेराव किया जाएगा।

गणेश कॉलोनी में सड़क पर गंदे पानी के बीच खड़े होकर नारेबाजी करते स्थानीय निवासी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bhind News - mp news bhoomipujan was done two months ago the construction of the road three times in a month still the construction has not started


source https://www.bhaskar.com/mp/bhind/news/mp-news-bhoomipujan-was-done-two-months-ago-the-construction-of-the-road-three-times-in-a-month-still-the-construction-has-not-started-062607-6601773.html

No comments:

Post a Comment