आलमपुर में रतनपुरा मार्ग पर सोनभद्रिका नदी के पुल का मंगलवार को सामान्य प्रशासन एवं सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने भूमिपूजन किया। पुल का निर्माण कार्य ब्रिज कोर्पोरेशन के ठेकेदार राजेंद्र सिंह भदौरिया ने शुरू कर दिया है। कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ सिंह ने कहा पहले नदी पर रपटा मंजूर था और उसे रोड से पहले बनना था लेकिन हमने नदी पर ब्रिज मंजूर कराया। इसलिए प्रक्रिया में थोड़ा समय अवश्य लगा पर यह ब्रिज बनने से एक बड़ी आबादी को सुविधा होगी।
बता दें कि पुल का निर्माण 7.48 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। प्रारंभ में सबसे पहले नदी की जेसीबी से सफाई की जा रही है। सफाई होते ही मिट्टी की टेस्टिंग की जाएगी। ब्रिज कोर्पोरेशन के कार्यपालन यंत्री मोहर सिंह जादौन ने बताया कि पुराने पुल की लंबाई 20 मीटर, चौड़ाई 6 और ऊंचाई 5 मीटर थी जो नदी में बाढ़ आने से पानी में डूब जाता था। वहीं नवीन पुल की लंबाई 90 मीटर रखी गई है। जबकि इसकी चौड़ाई 12 और ऊंचाई 13 मीटर होगी। जिससे बारिश में अगर बाढ़ का खतरा होता भी है तो पुल पर आवागमन बंद नहीं होगा।
सहकारिता मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि पुल के निर्माण में अगर आपको कोई कमी नजर आती है या ठेकेदार काम ठीक से नहीं कर रहा है तो उसकी शिकायत हमसे करें। आप लोगों को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए क्योंकि अच्छी क्वालिटी से निर्माण होने का लाभ आपको अधिक दिनों तक मिलेगा। मंत्री ने कहा कि ठेकेदारों में राजेंद्र सिंह भदौरिया की छवि अच्छी है इसलिए इन्हें पुल का ठेका दिया गया है। बेरोजगारी पर बोलते हुए मंत्रीजी ने बताया कि इस दौर में रोजगार प्राप्त करने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। कार्यक्रम में ब्रिज कॉर्पोरेशन के एसई आरएन मिश्रा, नप सीएमओ अशोक सिंह यादव, थाना प्रभारी सुनील सिंह कुशवाह, रामकुमार त्रिपाठी, डॉ राधेश्याम दीवोलिया, नायब तहसीलदार राजेंद्र मौर्य, आरआई मुन्नालाल जम्होलिया, विजय बहादुर सिंह चौहान, रामकुमार गुप्ता, जनभागीदारी अध्यक्ष बीपीसिंह, हिम्मत सिंह, कलीम पठान, पुष्पेंद्र भदौरिया, विजय राठौर, हरिशंकर दूरवार, रामनारायण दुबे, रमा कौरव, अशोक कुमार विश्वकर्मा, अजीत सिंह, उत्तम गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।
सहकारिता मंत्री लोगों से बोले- पुल में कमी दिखे तो शिकायत करें
सोनभद्रिका नदी के पुल के भूमिपूजन कार्यक्रम में संबोधित करते मंत्री डॉ सिंह।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhind/news/mp-news-the-bridge-minister-did-bhoomipujan-said-first-the-report-was-approved-so-it-took-time-062505-6601762.html
No comments:
Post a Comment