Wednesday, February 5, 2020

मारपीट में गंभीर घायल वृद्धा का बेटा रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचा तो टीआई ने अभद्रता कर भगाया, महिला की मौत


पुलिस ने मारपीट की शिकार महिला के परिजन से नहीं दिखाई मानवीयता, उल्टा केस कमजोर करने की धमकी दी

सेंवढ़ा के इटौंदा में कुछ लोगों ने एक महिला से मारपीट कर दी। इससे महिला का सिर फट गया। सेंवढ़ा थाना पुलिस ने जमानती मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दिया। 25 दिन तक महिला ग्वालियर में भर्ती रही और जब महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों के कहने पर बेटा मरणासन्न हालत में मां को वापस सेंवढ़ा अस्पताल ले गया। इसके बाद वह सेंवढ़ा थाने पहुंचा और कार्रवाई के बारे में पूछा तो खुद टीआई ने उसके प्रति सहानुभूति दिखाने के बजाय गालियां देकर भगा दिया। मंगलवार को महिला की मौत हो गई।

ग्राम इटौंदा निवासी मायादेवी (65) पुत्र हरी सिंह बघेल के साथ दो जनवरी को गांव के ही महेश बघेल, करू बघेल और सरनाम बघेल ने लाठी डंडों से मारपीट कर दी थी। इस घटना में मायादेवी का सिर फट गया था। घटना वाले दिन ही घायल मायादेवी के पुत्र हवलदार बघेल ने सेंवढ़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामूली जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। इसी बीच मायादेवी को सेंवढ़ा अस्पताल से गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर कर दिया गया। 27 दिन तक भर्ती रहने के बाद 29 दिसंबर को ग्वालियर में डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए, परिजन पर इलाज के लिए रुपए नहीं बचे तो वह मां को गंभीर हालत में वापस सेंवढ़ा ले आए। सेंवढ़ा में भर्ती कराने के बाद वह सेंवढ़ा थाने पहुंचा और टीआई कंवलजीत सिंह रंधावा से दो जनवरी को हुई रिपोर्ट पर कार्रवाई के बारे में पूछा, लेकिन टीआई ने अमानवीय व्यवहार करते हुए उससे गाली गलौज की और भगा दिया। इसके बाद हवलदार सिंह और हरविलास मां को घर ले गए। इधर पुलिस ने जब अस्पताल से महिला की हालत के बारे में जानकारी ली तो 30 जनवरी को आनन फानन में एफआईआर में हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई और उसी दिन तीनों आरोपी करू, सरमन और महेश बघेल को जेल भेज दिया। मंगलवार को महिला ने घर पर दम तोड़ दिया। पुलिस एक महीने में एक बार भी घायल पीड़िता के बयान लेना तो दूर उसे देखने तक नहीं पहुंची।

दोषी पर कार्रवाई होगी


मनोज श्रीवास्तव, एसपी दतिया

मैं हॉस्पिटल में भर्ती हूं...

दैनिक भास्कर ने सेंवढ़ा टीआई कंवलजीत सिंह रंधावा के मोबाइल नंबर 9893412354 पर बुधवार को रात 20.53 बजे दो बार कॉल किया। एक बार उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया, दोबारा लगाने पर उन्होंने मोबाइल तो रिसीव किया इतना ही कहा कि मैं अस्वस्थ हूं और बिरला हॉस्पिटल ग्वालियर में भर्ती हूं और फोन काट दिया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-in-the-fight-the-son-of-a-seriously-injured-old-woman-reached-the-police-station-to-write-a-report-the-ti-got-away-with-indecency-the-woman-died-071515-6555547.html

No comments:

Post a Comment