Tuesday, February 11, 2020

कांग्रेस को नजरअंदाज कर भाजपा नेता का नाम जिला योजना समिति में, टीकमगढ़ की राजनीति गरमाई


जिला योजना समिति के गठन ने टीकमगढ़ कांग्रेस के खेमे में खलबली मचा दी है। समिति में प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद दो अशासकीय सदस्य शामिल किए गए हैं। मप्र की योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकीय विभाग के उप सचिव जितेन्द्र सिंह राजे ने 7 फरवरी को इस संबंध में सूची जारी की है।

इसमें टीकमगढ़ के कांग्रेस प्रदेश सचिव विकास यादव और दूसरे सदस्य के रूप में लिधौरा के अनुज बरदिया का नाम शामिल किया गया है। सूची में अनुज बरदिया के नाम को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है, क्योंकि अनुज बरदिया भाजपा युवा किसान समिति के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी के पद पर हैं, जो उनकी फेसबुक टाइम लाइन पर भी दर्ज है। इसी बात ने कांग्रेस के खेमें में भूचाल ला दिया है। सूची की जानकारी लगते ही जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस मामले में राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया से शिकायत की है।

कार्यकर्ताओं का तर्क है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आज भी हमें नजर अंदाज किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमसे ज्यादा बीजेपी के कार्यकर्ताओं की बात जिले के आला अधिकारी मानते हैं। अब जिला योजना समिति में कांग्रेस के कद्दावर नेताओं की टीप के बाद भाजपा कार्यकर्ता को जिला योजना समिति में शामिल किया गया है। यह बहुत निराशाजनक है। जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित कई मंत्री कार्यकर्ताओं के निशाने पर हैं। कार्यकर्ताओं ने बिना नाम लिए मप्र शासन के मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि टीकमगढ़ जिले में कांग्रेस को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।

जिला सांख्यिकी अधिकारी रामबाबू गुप्ता ने बताया कि उनके पास 26 जून 2019 को अनुज बरदिया के नाम का प्रस्ताव राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडिस ने बनाकर तात्कालीन कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन को भेजा था। जिसमें अनुज कुमार पिता भगवान बरदिया को जिला योजना समिति में बतौर सदस्य के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की गई थी। जिला योजना समिति ने 18 जुलाई 2019 को प्रभारी मंत्री के निज सचिव के नाम से विभागीय पत्र भेजा था। जिसमें आदेश नियमानुसार कार्यवाही करने की बात कही गई थी। गुप्ता ने बताया कि प्रभारी मंत्री का अनुमोदन जिला स्तर पर न आकर सीधे राज्य योजना आयोग के पास जाता है। पत्र में भी स्पष्ट लिखा है कि जिले के प्रभारी मंत्री के अनुमोदन अनुसार तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नाम निर्दिष्ट किए गए हैं।





Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/damoh/news/mp-news-bjp-leader39s-name-in-the-district-planning-committee-ignoring-congress-heats-up-politics-of-tikamgarh-062531-6601149.html

No comments:

Post a Comment