Saturday, February 22, 2020

आगर में पहली 14 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की प्रतिमा बड़ौद चौराहे पर लगेगी


शहर के व्यस्ततम व प्रमुख चौराहों में से एक बड़ौद रोड चौराहे पर जल्द ही नगर पालिका परिषद द्वारा 14 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाई जाएगी। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना आगर मालवा की मांग पर यह निर्माण किया जा रहा है। नपा ने इसके लिए प्रस्ताव बना कर भोपाल भेजा था, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है।

गत अक्टूबर माह में करणी सेना के स्थानीय पदाधिकारियों ने नपाध्यक्ष व नपा कार्यालय में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाए जाने की मांग करते हुए आवेदन दिया था। नपाध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने बताया कि शहर में किसी भी चौराहे पर कोई मूर्ति स्थापित नहीं है। लंबे समय से इच्छा थी कि चौराहे पर सौंदर्यीकरण के साथ महापुरुषों के जीवन से लोगों को प्रेरणा मिलती रहे। इसके लिए मूर्ति लगाई जाए। करणी सेना की मांग को गंभीरता से लेते हुए यह प्रस्ताव दिसंबर में परिषद की बैठक में रखा गया था। सहमति होने के बाद प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए भोपाल भेजा था। चूंकी प्रस्ताव शहर के सौंदर्यीकरण व महापुरुष से जुड़ा था, इसलिए प्रदेश के नगरीय विकास एंव आवास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए स्वीकृति दे दी। इसकी सूचना भी प्राप्त हो चुकी है।

शहर में पहली बार किसी महापुरुष की प्रतिमा सार्वजनिक स्थान पर लगाई जा रही है। गांधी उपवन में महात्मा गांधी की तो बाबा साहब डाॅ आंबेडकर छात्रावास में तथा काॅलेज तथा कलेक्टोरेट में नेहरू जी की प्रतिमा लगी है पर चौराहे पर प्रतिमा पहली बार लगेगी।

3 टन वजनी होगी प्रतिमा

बडौद रोड चौराहे पर जो फव्वारा लगा है, उसकी ऊंचाई 10 फीट है। प्रतिमा चारों और से दिखाई दे इसके लिए 10 फीट का स्टैंड बनाया जाएगा। इसके बाद 14 फीट ऊंची मेटल की प्रतिमा लगाई जाएगी। प्रतिमा की लागत 24 लाख रुपए होगी। प्रतिमा का रंग धूप व पानी से भी खराब नहीं होगा। करीब साढे 3 टन वजनी इस प्रतिमा में महाराणा प्रताप चेतक पर सवार नजर आएंगे।

बाबा साहब की प्रतिमा लगाने की थी योजना

करीब 3 साल पहले अजाक्स संगठन ने नगर पालिका अध्यक्ष को आवेदन दे कर छावनी नाके के पास स्थित शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स में संविधान निर्माता बाबा साहब डाॅ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए जगह दिए जाने की मांग की थी। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पिन्टू जायसवाल ने बताया कि नपा ने प्रतिमा के लिए जगह भी दे दी थी। लेकिन किन्ही कारणों से वे लोग प्रतिमा स्थापित नही कर पाए। नपा के माध्यम से कॉम्प्लेक्स में बाबा साहब की प्रतिमा लगाए जाने की मांग प्रभारी मंत्री सिंह से की जाएगी। प्रभारी मंत्री शहर सौंदर्यीकरण व विकास को काफी प्राथमिकता देते है। जिसके चलते उम्मीद है कि यह मांग भी जल्द स्वीकृत हो जाएगी। नपाध्यक्ष जायसवाल का कहना है कि प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। जल्द ही इसके टेंडर नपा लगाएगी तथा जल्द ही प्रतिमा बड़ौद रोड चौराहे पर स्थापित हो जाएगी।

बड़ौद रोड पर फव्वारे के पीछे यहां लगाई जाएगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Agar News - mp news the first 14 feet tall statue of maharana pratap will be erected at baroda crossroads in agar


source https://www.bhaskar.com/mp/shajapur/news/mp-news-the-first-14-feet-tall-statue-of-maharana-pratap-will-be-erected-at-baroda-crossroads-in-agar-063006-6690378.html

No comments:

Post a Comment