Saturday, February 1, 2020

क्योंकि जिंदगी सुपर ओवर नहीं है!


एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु [raghu@dbcorp.in]

मैनेजमेंट फंडा एन. रघुरामन की आवाज में मोबाइल पर सुनने के लिए 9190000071 पर मिस्ड कॉल करें।

मैनेजमेंट फंडा**

वे लिंगटन में शुक्रवार को चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत ने लगातार दूसरी बार सुपर ओवर वाले टाई मैच में न्यूजीलैंड पर जीत हासिल की। न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी, लेकिन उनकी टीम दबाव में आ गई और चार विकेट गवां दिए जिससे भारत के गेंदबाज मैच को सुपर ओवर में ले जाने में कामयाब रहे। तीन महीने से कम के समय में ऐसा तीन बार हुआ, जबकि न्यूजीलैंड मैच को सुपर ओवर में ले जाने की बजाय बड़ी आसानी से सामान्य तरीके से जीत हासिल कर सकती थी। दिलचस्प रहा कि तीनों ही बार, नतीजे उनके पक्ष में नहीं रहे। यह एक परेशान करने वाली सोच है जो उनके मन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। पर, सुपर ओवर की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। अगर मैच का नतीजा सिर्फ 12 गेंदों में तय हो सकता है तो फिर 240 गेंदें क्यों खेली गईं? और यह प्रश्न कई सोशल नेटवर्किंग साइटों पर लोग एक-दूसरे से पूछते नजर आए। हम जिस दुनिया में रहते हैं, वह नतीजे चाहती है। किसी को भी ‘टाई (बराबरी)\' शब्द पसंद नहीं है। खेल हो या जिंदगी, कोई भी प्रतिस्पर्धी के ‘बराबर\' नजर नहीं आना चाहता, और खेल भी इसका अपवाद नहीं है। यही वजह है कि फुटबॉल और हॉकी में पेनल्टी शूट-आउट, गोल्फ में प्ले-ऑफ और क्रिकेट में सुपर ओवर से फैसला होता है।

बात जब ऐसे मामले की आती है जहां वर्ल्ड कप जैसी प्रतियोगिता में केवल एक ही टीम आगे बढ़ सकती है तो मैं एक सुपर ओवर के महत्व को समझ सकता हूं। लेकिन, दो देशों की किसी सीरीज में, भले ही वह सिर्फ 20 ओवर का मुकाबला ही हो तो पुराने तरीके से \'टाई\' वाले फार्मेट के साथ आगे बढ़ने में क्या गलत है? करीब साढ़े तीन घंटें की खूब जोर-आजमाईश के बाद दोनों टीमें खेलभावना के साथ आराम से हाथ क्यों नहीं मिला सकती? क्यों हर कोई एक नतीजे की तलाश में रहता है जबकि दोनों टीमों का मूल काम दर्शकों या क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन करना था और जो उन्होंने बिल्कुल नाखून चबा लेने तक पहुंचा देने वाले रोमांचक तरीके से किया। लगातार दोनों मैचों में दोनों टीमों ने यह सुनिश्चित किया कि दर्शक मैच की आखिरी गेंद तक का रोमांच देखें। सभी खिलाड़ी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे थे। यही कारण है कि मैं सुपर ओवर के जरिये जीतने की कंसेप्ट से नफरत करता हूं क्योंकि सिर्फ एक ओवर खेल में श्रेष्ठता पाने की आपकी क्षमता या आप पर विनर या लूजर का ठप्पा नहीं लगा सकता। लेकिन जिंदगी खेल नहीं है। यही कारण है कि मैं जिंदगी की बात करने के दौरान \'जीत\' के बजाय एक अलग शब्द का उपयोग करना चाहता हूं। और यह शब्द ‘स्वीकृति\' है। हमें अपना एक प्रयास करें और दूसरों द्वारा स्वीकार किए जाने की कोशिश को बढ़ाएं। जब आप दूसरों के द्वारा स्वीकार किए जाते हैं तो यह केवल दूसरों के प्रति प्रेम, सम्मान, सहयोग, साझा करने, देखभाल और अपनेपन की सार्वभौमिक भावना के जरिए स्थापित और प्रकट होता है। और बदले में हम दूसरों के साथ प्यार बांटते हैं क्योंकि हम उनसे ऐसा बनने की अपेक्षा नहीं करते जो हम वास्तव में चाहते हैं। इस तरह से, यह केवल अपेक्षाओं से छुटकारा पाने का एक खेल है और स्वीकृति को स्वीकार करने का जरिया है। आपको कैडबरी चॉकलेट का वह विज्ञापन याद करना चाहिए जिसमें दो भाई मुख्य किरदार निभाते हैं। इसमें छोटे भाई को खाली डेयरी मिल्क के रैपर के सामने घुटने टेककर एक और चॉकलेट के लिए फिर से प्रार्थना करते हुए दिखाया गया है।

उसे यकीन है कि उसकी प्रार्थना में इतनी शक्ति है जिससे एक नई चॉकलेट पाने का सपना पूरा हो सकता है। बड़े भाई को दिखाया गया है कि वह छोटे की हरकतों को बड़े ध्यान से देखता और समझता है। अपने दिल की अच्छाइयों से, बड़ा भाई अपनी चॉकलेट का त्याग कर देता है और उसे छोटे के खाली रैपर से बदल देता है।जैसे ही छोटा भाई अपनी आंखें खोलता है, वह हैरान हो जाता है और बड़ी ही श्रद्धा के साथ सामने सचमुच चॉकलेट पर नजर डालता है, जो अपनी पूरी संपूर्णता में उसके सामने रखी होती है। वह बड़े भाई को चॉकलेट दिखाते हुए भाग निकलता है कि भगवान ने उसकी प्रार्थना सुन ली है, जबकि बड़ा भाई, जो वास्तव में इस पूरे खेल का संचालन कर रहा है, बड़ा मासूम बना हुआ नजर आता है। उनकी मां जो अब तक सिर्फ एक मूक दर्शक बनी हुई थी, बड़े बच्चे को अपने छोटे भाई के लिए खुद के हिस्से की चॉकलेट त्याग कर देने की उदारता को समझ जाती है और प्यार से उसके बालों को सहलाते हुए पूछती है \"क्या मुझे खाली रैपर फेंक देना चाहिए’? इस तरह आखिर में एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को ‘हराए बिना\' सभी का दिल ‘जीत\' लिया है!

फंडा ये है कि जब बात जिंदगी की आती है तो कभी भी किसी को हराने की कोशिश न करें, बल्कि स्वीकार करके सभी को जीतने की कोशिश करने में समझदारी है!



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
BAREHATA News - mp news because life is not super over


source https://www.bhaskar.com/mp/sagar/news/mp-news-because-life-is-not-super-over-063609-6525865.html

No comments:

Post a Comment