Tuesday, January 7, 2020

डीएफओ का दावा- डंप रेत नष्ट कर माफिया की कमर तोड़ी, हकीकत... हाईवे से फर्राटे भरकर गुजर रहे रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली

शहर से नूराबाद की ओर जाते चंबल की रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां।

पुलिस के सामने हो रहा अवैध रेत का परिवहन

भास्कर संवाददाता|मुरैना

चंबल कमिश्नर रेनू तिवारी की नाराजगी के बाद 2 दिन में चंबल राजघाट पुल के ईदगिर्द डंप सैकड़ों डंपर रेत को जेसीबी से नष्ट कर माफिया की कमर तोड़ने का दावा डीएफओ पीडी गेब्रियल ने किया है। लेकिन रविवार को जब दैनिक भास्कर ने इसकी जांच की तो हकीकत सामने आई कि अभी भी रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में चंबल नदी का रेत भरकर आगरा-मुंबई हाईवे से फर्राटे भरकर गुजर रहे हैं।

इतना ही नहीं सिविल लाइन थाने के पीछे स्थित जौरी बायपास रोड से ही सुबह 10 बजे के करीब आधा-आधा दर्जन के स्लॉट में रोज रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकल रहीं हैं लेकिन वन विभाग व पुलिस इनकी तरफ कार्रवाई करने के लिए देखती तक नहीं।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देशों के बाद हमारे पड़ोसी जिले ग्वालियर, श्योपुर व भिंड में भू-माफिया, रेत माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चल रही है। लेकिन हमारे यहां कार्रवाई के नाम पर चंद बाउंड्रीवाल तोड़ी गईं। जबकि सबसे बड़ा नेटवर्क रेत माफिया का है, लेकिन 1 महीने में एक भी दिन रेत माफिया के खिलाफ कोई बड़ी संयुक्त कार्रवाई नहीं हुई है।

इस मामले को लेकर चंबल कमिश्नर रेनू तिवारी ने 5 दिन पहले वन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर अवैध उत्खनन पर चिंता जताई थी और कहा था कि इसे बंद कराना जरूरी है। उन्होंने पत्र में यह भी जिक्र किया था कि रेत माफिया के इशारे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आमजन की जान ले रहे हैं इसके बाद भी जिला कलेक्टर प्रियंका दास, वन विभाग के डीएफओ पीडी गेब्रियल व पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने संयुक्त कार्रवाई के लिए मीटिंग तक नहीं की। ऐसे में माफिया के हौसले बुलंद हैं।

रेत माफिया के खिलाफ निरंतर चलेगी कार्रवाई

चंबल से रेत उत्खनन करने वाले माफिया के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। करोड़ों रुपए का डंप रेत नष्ट कर उत्खननकर्ताओं को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाई है, इससे उनके हौसल पस्त हुए हैं। उत्खनन व परिवहन के खिलाफ भी जल्द एक्शन लेंगे। पीडी गेब्रियल, डीएफओ, मुरैना



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bhind News - mp news dfo claims destroying dump sand broke the back of mafia the reality tractor trolley filled with sand passing through the highway


source https://www.bhaskar.com/mp/bhind/news/mp-news-dfo-claims-destroying-dump-sand-broke-the-back-of-mafia-the-reality-tractor-trolley-filled-with-sand-passing-through-the-highway-062551-6340581.html

No comments:

Post a Comment