दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में गुरुवार को अमेरिकी अरबपति समाजसेवी जॉर्ज सोरोस ने ट्रंप और पुतिन समेत कई राष्ट्राध्यक्षों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता के मुद्दे ही अब बदल गए हैं। सिविल सोसायटी में लगातार गिरावट आ रही है। मानवता कम होती जा रही है।
सोरोस ने भारत में अनुच्छेद 370 और नागरिकता संशोधन कानून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी भारत को एक हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। सोरोस ने कहा कि इस समय डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग तानाशाह जैसे शासक हैं। दुनियाभर में सत्ता पर पकड़ रखने वाले शासकों में लगातार इजाफा हो रहा है। आने वाले समय में इनके भाग्य से ही दुनिया की दिशा तय होगी। सोरोस ने यह भी कहा, ‘‘इस वक्त हम इतिहास के बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। खुले समाज की अवधारणा खतरे में है। इससे भी बड़ी एक और चुनौती है- जलवायु परिवर्तन। अब मेरी जिंदगी का सबसे अहम प्रोजेक्ट ओपन सोसाइटी यूनिवर्सिटी नेटवर्क (ओएसयूएन) है। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसमें दुनिया की सभी यूनिवर्सिटी के लोग पढ़ाई और शोध कर सकेंगे। ओएसयूएन के लिए मैं करीब 7100 करोड़ रुपए निवेश करूंगा। तानाशाही के खिलाफ मेरी लड़ाई में यह बड़ा कदम होगा’
सोरोस के मुताबिक ट्रंप आत्ममुग्धता के शिकार हैं। संभव है कि ट्रंप राष्ट्रपति चुनाव तक अर्थव्यवस्था में गिरावट को मैनेज करेंगे, पर इसे लंबे समय तक एक स्थिति में कायम नहीं रखा जा सकता। जिनपिंग भी कम्युनिस्ट पार्टी की परंपरा तोड़ रहे हैं। उन्होंने खुद के आसपास सत्ता केंद्रित कर रखी है। चीन की अर्थव्यवस्था भी अपना लचीलापन खो रही है। जिनपिंग एक नए तरह की सत्तावादी व्यवस्था चाहते हैं। वे व्यक्तिगत स्वायत्तता को खत्म कर देना चाहते हैं। इसमें खुले समाज के लिए कोई जगह नहीं होगी।’
जॉर्ज सोरोस: फोर्ब्स के मुताबिक नेटवर्थ 60 हजार करोड़ रुपए
द मैन हू ब्रोक द बैंक ऑफ इंग्लैंड के रूप में भी चर्चित हैं सोरोस
जॉर्ज सोरोस अमेरिका के जाने-माने हेज फंड मैनेजर और अरबपति परोपकारी हैं। वॉल स्ट्रीट में काम करते हुए उन्होंने1969 में 82 करोड़ रुपए से हेज फंड बनाया। बाद में इसका नाम क्वांटम फंड कर दिया। 2007 में इस फंड से उन्होंने 19767 करोड़ रु. मुनाफा कमाया। सोरोस ने परोपकारी कामों में 47715 करोड़ रु. दान दिए हंै। 1992 में सोरोस फंड ने 1000 करोड़ पाउंड बेचे, जिससे उन्हें 6821 करोड़ रु. मुनाफा हुआ। इससे वे ‘द मैन हू ब्रोक द बैंक ऑफ इंग्लैंड’ के तौर पर चर्चित हुए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/dhar/news/mp-news-davos-american-philanthropist-soros-said-terrorist-leaders-like-trump-putin-jinping-threat-will-spend-7100-crores-to-deal-with-them-071016-6473046.html
No comments:
Post a Comment