Friday, January 3, 2020

उत्कृष्ट सड़क के नाले की ऊंचाई बढ़ाने से पुराने एबी रोड पर रोज होता है ट्रैफिक जाम

शहर के पुराने एबी रोड पर उत्कृष्ट फोरलेन सड़क बनने के बाद भी दिन में कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। यहां नाले की ऊंचाई बढ़ाने की वजह से ऐसी स्थिति बनी है। इससे लाेग परेशान हाे रहे हैं।

लोक निर्माण विभाग ने पुराने एबी रोड पर 17.21 करोड़ रुपए की लागत से गुना नाके से लेकर भोपाल बायपास तक 5.1 किमी लंबाई में सीमेंट कांक्रीट की उत्कृष्ट फोरलेन सड़क और नाले का निर्माण कराया है। इसके निर्माण में विभाग ने मुल्तानपुरा से लेकर पूरे सड़क पर दोनों तरफ बने नाले की ऊंचाई सड़क से करीब एक से डेढ़ फीट तक बढ़ा दी है। इससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों को फुटपाथ पर तो दूर सड़क पर ही खड़े कर रहे हैं। यही वजह है कि पुराने एबी रोड पर दिन के समय पीपल चौराहे से मुल्तानपुरा तक रोजाना दिन में कई बार ट्रैफिक जाम की स्थितियां बन रही है।

लोगों ने कहा- सड़क का काम चल रहा थ तब भी किया था नाला निर्मााण का विरोध : गुड़ चौराहे के दुकानदार अनिल सिलावट, राकेशसिंह, आशीष सिसौदिया, गोलू, संतोष आदि ने बताया कि करीब सालभर पूर्व जब सड़क का काम चल रहा था, तब उन्होंने नाला ऊंचा किया जाने का विरोध भी किया था, लेकिन अधिकारियों ने एक भी नहीं सुनी और नाले की ऊंचाई बढ़ा दी गई। ऐसे में अब कॉॅम्प्लैक्स वाली बिल्डिंग के मालिक ने अपने मकान के आगे फुटपाथ बंद करके अपनी निजी पार्किंग बना ली है। जबकि आम लोग भी अपने वाहन सड़कों पर ही खड़े कर रहे हैं जिससे स्थिति बद से बदतर हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदारों ने जल्दी ही समस्या का समाधान नहीं किया तो मजबूरी में उन्हें इसके लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने जैसा कदम उठाना पड़ेगा।

लोगों ने कहा- अधिकारियों ने ऊंचा कराया नाला इससे बढ़ गई समस्या

सबसे ज्यादा खराब हालात गुड़ चौराहे के सामने

सबसे ज्यादा खराब स्थिति तो पुराने एबी रोड पर गुड़ चौराहे के सामने बने एक कॉॅम्प्लैक्स के सामने है। यहां सड़क से नाले की ऊंचाई करीब एक से डेढ़ फीट तक ज्यादा बढ़ा ली गई है। ऐसे में उक्त काम्प्लैक्स में बनी दुकानों में खरीददारी करने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करते हैं जबकि काम्प्लैक्स के मालिक ने भी अपने काम्प्लैक्स के आगे फुटपाथ की जगह को बंद कर अपनी निजी पार्किंग बना लिया है। ऐसे में उसकी बिल्डिंग के आगे तक पर्याप्त जगह होती है, लेकिन सामने सड़क पर दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। यही वजह है कि शहर में लोगों को रोजाना ही ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के पुराने एबी रोड पर बनी उत्कृष्ट सड़क किनारे नाले की ऊंचाई ज्यादा रखने की वजह से सड़क पर ही दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो रही है जिससे दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।

हम ब्यावरा एसडीओ और सब इंजीनियर को भेजकर दिखवाते हैं कि आखिर क्यों और कैसे नाले की ऊंचाई ज्यादा हो गई है। यदि किसी ने फुटपाथ पर निजी पार्किंग बना लिया है तो हम जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। अजय बैन, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी राजगढ़

दिन में कई बार निकलते हैं प्रशासनिक अधिकारी, फिर भी नहीं ध्यान

पुराने एबी रोड पर गुड़ चौराहे के सामने जिस जगह पर नाले ऊंचा होने से समस्या हो रही है वहां से दिन में कई बार प्रशासनिक अधिकारी निकलते हैं। लेकिन इसके बाद भी किसी का भी ध्यान इस समस्या पर नहीं गया है। ऐसा भी नहीं है कि अधिकारियों के वाहन कभी जाम में नहीं फंसते हो, कइयों बार ऐसी स्थिति बनती है कि प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंसते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Biyawara News - mp news increasing the height of excellent road drain leads to traffic jam on the old ab road


source https://www.bhaskar.com/mp/rajgarh/news/mp-news-increasing-the-height-of-excellent-road-drain-leads-to-traffic-jam-on-the-old-ab-road-065515-6310123.html

No comments:

Post a Comment