Sunday, January 5, 2020

नवविवाहिता की मौत पर मायके वालों का आरोप.. जंजीर से बांधकर रखते थे, पंचायत में की थी मारपीट

नालछा के पास भेरूघाट गांव में एक नवविवाहिता ने जहरीली दवाई पी ली। इससे उसकी मौत हो गई। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल में जंजीर से बांधकर रखते थे और मारपीट करते थे। इसी के कारण उसकी मौत हुई है। रविवार को जिला अस्पताल में पीएम कर शव पुलिस ने परिजन काे सौंपा।

इधर नालछा के नायब तहसीलदार ने जिला अस्पताल पहुंचकर मृतका के परिजन से बात की। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी मारपीट नहीं की। उसने जहर पीया था।

पुलिस के अनुसार रामकन्या बाई पति गुलसिंह ने शनिवार दोपहर गांव में जहरीला पदार्थ पी लिया था। उसे गंभीर हालत में शाम को जिला अस्पताल लाया गया था। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल में पहुंचे मृतका के पिता तुकाराम निवासी सराय ने बताया कि आठ महीने पहले ही उसका विवाह हुआ था। तभी से ससुराल में उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसके चलते वह मायके आ गई थी। ससुराल के लोगों ने यहां आकर पंचायत बैठाई थी। लड़की ने जाने से मना कर दिया था। यहां भी ससुराल के लोगों ने मारपीट की थी। गुलसिंह उसे अच्छी तरह से रखने का बोलकर ले गया था। मृतका की दादी मंगूबाई ने बताया कि वह ससुराल गई तो वहां लड़की को जंजीर से बांधकर रखा था। पिता का कहना है कि उसके मुंह से जहरीली दवा की गंध नहीं आ रही थी। पेशाब में खून आ रहा था।

पति गुलसिंह का कहना है कि उसने घटना वाले दिन साथ में खाना खाया था। इसके बाद खेत पर पानी देने चला गया था। जब घर आया तो रामकन्या उल्टी कर रही थी। उसे लेकर पहले बगड़ी गए, यहां से टवेरा कर जिला अस्पताल लाए। नायब तहसील जेएस तोमर ने बताया कि परिजन से बात की है। बाद में उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। शरीर पर चोंट के निशान नहीं दिखे। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/dhar/news/mp-news-accused-of-maidens-on-the-death-of-the-newlyweds-they-were-tied-with-chains-beaten-up-in-the-panchayat-072528-6324832.html

No comments:

Post a Comment