Sunday, January 12, 2020

नेता-जनप्रतिनिधियों ने बनाई दूरी, सत्ता जाने के बाद भाजपा ने भी स्वामीजी को भुलाया

भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर

स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस पर रविवार को स्टेडियम में सूर्य नमस्कार का जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ लेकिन इससे नेता और जनप्रतिनिधियों ने दूरी बनाए रखी। सत्ता जाने के एक साल बाद ही भारतीय जनता पार्टी स्वामी विवेकानंद को भूल गई। वहीं सत्ताधारी कांग्रेस ने भी कार्यक्रम में कोई शामिल नहीं हुआ। 2019 में हुए सूर्य नमस्कार में विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह शामिल हुए थे लेकिन इस बार वे भी नहीं पहुंचे।

भाजपा के शासनकाल में वर्ष 2007 में प्रदेशभर में सामूहिक सूर्य नमस्कार की शुरुआत की गई थी लेकिन हैरानी की बात रही कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा के एक भी जनप्रतिनिधि और नेता शामिल नहीं हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता भी शामिल नहीं हुए। इस पर उन्हाेंने कहा- यह कार्यक्रम हमारा ही था। बिना बुलाए ही नेताओं को आना चाहिए था। इसको लेकर मैं चर्चा करूंगा। मैं गांव में था इसलिए कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका।

सामूहिक सूर्य नमस्कार युवा दिवस के रूप में मनाई स्वामी विवेकानंद की जयंती, योग क्रियाएं की

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- कार्यक्रम हमारा, बिना बुलाए नेताओं को आना चाहिए

सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल स्कूली विद्यार्थी।

भाजपा ने बनाई थी योग नीति

भारतीय जनता पार्टी के शासन में 25 जनवरी 2007 को सामूहिक सूर्य नमस्कार की शुरुआत हुई थी। योग को बढ़ावा देने के लिए योग नीति भी बनाई गई थी। इसमें स्कूलों में नियमित सूर्य नमस्कार और योगाभ्यास कराना शुरू हुआ था। भाजपा के शासन काल में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम होता रहा और इसमें भाजपा के सभी नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होते रहे हैं। कार्यक्रम शुरू होने पर कांग्रेस ने इसका जमकर विरोध किया था लेकिन जिस कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ने की, उसके ही नेता-पदाधिकारी इसमें शामिल होना भूल गए।

तीन चक्र में कराए आसन

कार्यक्रम के दौरान सुबह 9 बजे स्वामी विवेकानंद द्वारा शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में दिया गया उद्बोधन सुनाया गया। इसके बाद सूर्य नमस्कार शुरू हुआ। तीन चक्र में सूर्य नमस्कार के 12 आसन कराए गए और इन आसनों से होने वाले फायदे भी बताए गए। इसके साथ योग और प्राणायाम भी कराया गया। योग से शरीर को होने वाले फायदे और बीमारियों के उपचार के की जानकारी दी गई।

अवकाश के कारण कम रही संख्या

स्टेडियम में रविवार सुबह 9 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार हुआ। करीब पांच हजार विद्यार्थी इसमें शामिल होना थे लेकिन अवकाश के कारण दो हजार के करीब विद्यार्थी शामिल हुए। पहले सूर्य नमस्कार में मंच नेता-जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भरा रहता था लेकिन इस बार नेताओं के साथ ही कई अधिकारी भी इसमें शामिल नहीं हुए। कलेक्टर राजेशकुमार कौल और नगर निगम के कुछ अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अमले ने भी इससे दूरी बनाए रखी। रविवार होने और पीएससी की परीक्षा के कारण भी अधिकारी यहां नहीं पहुंच पाए। उपायुक्त सलीम खान, कमलेश पाटीदार, वित्त उपायुक्त एसआर सिटोले, जिला शिक्षा अधिकारी सैयद अतिक अली और डीपीसी अशोक शर्मा मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Burhanpur News - mp news leader public representatives made distance bjp also forgot swamiji after going to power


source https://www.bhaskar.com/mp/burhanpur/news/mp-news-leader-public-representatives-made-distance-bjp-also-forgot-swamiji-after-going-to-power-070008-6382899.html

No comments:

Post a Comment