Monday, January 6, 2020

भारत-श्रीलंका मैच से पहले करें इंदौर से जुड़ी यादों की बैटिंग

1. इंदौर से सलीम दुर्रानी टीम में सिलेक्ट हुए, उन्होंने दो विकेट लेकर मैच जिताया, फिर यहां लगा विजयी बल्ला
70 के आसपास नेहरू स्टेडियम में सेंट्रल जोन के साथ इंग्लैंड टीम तीन दिनी मैच खेलने आई। ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी कुछ रनों से शतक से दूर रह गए। इस मैच के आधार पर उनका सिलेक्शन वेस्टइंडीज दौरे पर हुआ। पहले मैच में वेस्टइंडीज बल्लेबाजी कर रही थी। फील्डिंग कर रहे दुर्रानी बॉलिंग करना चाहते थे, पर कप्तान वाडेकर ने मौका नहीं दिया। टीम के साथियों के कहने पर वाडेकर ने दुर्रानी को बॉल थमा दी। उन्होंने एक ही ओवर की दो गेंदों पर गैरी सोबर्स व क्लाइव लॉयड को आउट कर दिया। ये सीरीज भारत ने जीती। जीत की खुशी में चिड़ियाघर के पास विजयी बल्ला स्थापित किया गया। इसका उद्घाटन कप्तान अजीत वाडेकर ने ही किया।

2. वेस्टइंडीज के कप्तान गैरी सोबर्स कमजोर टीम देख महू घूमने चले गए, इधर उनकी टीम ढाई दिन में हार गई
70 के दशक की सबसे मजबूत वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भारत दौरे के दौरान नेहरू स्टेडियम में सेंट्रल जोन से तीन दिनी मैच खेलने आई। वेस्टइंडीज के कप्तान गैरी सोबर्स ने सोचा कि सामने टीम तो कमजोर ही है और अभी क्रिसमस का समय भी चल रहा है तो कहीं घूमने जाया जाए। वे महू घूमने चले गए। उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद तबकी वेस्टइंडीज की टीम सेंट्रल जोन तो ठीक, भारतीय टीम पर भी भारी पड़ती थी। सोबर्स महू में घुड़ दौड़ जैसे शौक पूरे कर रहे थे और इधर हैरतअंगेज खेल दिखाकर सेंट्रल जोन ने वेस्टइंडीज की अजेय टीम को सिर्फ ढाई दिन में शिकस्त दे डाली। सोबर्स तत्काल इंदौर लौटे और खिलाड़ियों को स्टेडियम में ही खूब डांट लगाई।

3. कोलकाता से 30 हजार प्रशंसक टीम की जीत देखने आए, पर होलकर के गायकवाड़, धनवड़े ने करा दिया ड्रॉ
1952-53 के रणजी ट्रॉफी फाइनल में होलकर व बंगाल के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन पर मुकाबला हुआ। बंगाल ने दूसरी पारी 5 विकेट पर 320 रन बनाकर घोषित कर दी। होलकर टीम की दूसरी पारी में सिर्फ 149 रनों पर 9 विकेट गिर गए व हार का खतरा मंडराने लगा। तब हीरालाल गायकवाड़ व धनवड़े ने अंतिम विकेट की साझेदारी में 1 घंटे से अधिक किला लड़ाया और मैच ड्रॉ करवा दिया। होलकर टीम को पहली पारी की बढ़त के आधार पर विजेता घोषित किया गया। मैच के अंतिम दिन अपनी टीम की संभावित जीत देखने के लिए ईडन गार्डन में कोलकाता के 30 हजार से अधिक दर्शक जमा थे। ड्रॉ से उन्हें निराशा हुई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रो. सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी (वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार और क्रिकेट के अच्छे जानकार)


source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/batting-of-memories-related-to-indore-before-india-sri-lanka-match-126450861.html

No comments:

Post a Comment