Wednesday, January 22, 2020

ताप्ती नदी पर पहली बार होगा बोरीबंधान, लक्ष्य गर्मी में प्रति व्यक्ति 75 लीटर पानी रोज उपलब्ध कराने का

भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर

पिछले साल गर्मी के मौसम में शहर का भू-जल स्तर 800 फीट तक गिर गया था। इस बार भू-जल स्तर बेहतर रहे इसके लिए ताप्ती नदी पर पहली बार बोरीबंधान किया जाएगा। इसके लिए राजघाट स्थित नए पुल के निचले हिस्से को चुना गया है। यहां बोरीबंधान किए जाने से नदी में पानी ठहर सकेगा और इससे अन्य स्रोतों में भी जलस्तर बना रहेगा। बोरीबंधान कराने के पीछे गर्मी के मौसम में भी प्रति व्यक्ति 75 लीटर पानी रोज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बुधवार देरशाम कलेक्टर राजेशकुमार कौल और निगमायुक्त भगवानदास भुमरकर राजघाट पहुंचे। मोबाइल, टाॅर्च और कार के हेडलाइट के उजाले में उन्होंने बोरीबंधान किए जाने के लिए मौका मुआयना किया। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी और पूर्व निगमाध्यक्ष मनोज तारवाला भी थे। सभी की सहमति से नए पुल के नीचे बोरीबंधान कर पानी रोकने का निर्णय लिया गया। इससे पहले कलेक्टोरेट कार्यालय में सामाजिक संगठनों की बैठक ली गई। इसमें भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने सभी पदाधिकारियों से सुझाव लिए। चर्चा में आयुक्त भगवानदास भुमरकर ने बताया बोरीबंधान के लिए नगर निगम ने दो स्थान चिह्नित किए हैं। इसमें सतियारा घाट के श्मशान घाट के नीचे और दूसरा राजघाट के पास पुराने रास्ते पर है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी ने ताप्ती नदी के छोटे पुल के नीचे बोरीबंधान करने का सुझाव रखा। कलेक्टर ने कहा गुरुवार से श्रमदान का काम शुरू कर दें। बोरीबंधान के लिए गिट्‌टी और रेत जुटाएं। बैठक में शहरभर के राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

व्यवस्था बंधान के लिए चुना राजघाट स्थित नए पुल का निचला हिस्सा, पिछली गर्मी में जलस्तर 800 फीट तक गिर गया था

कांग्रेस, भाजपा सहित सामाजिक संगठन करेंगे श्रमदान

ताप्ती नदी के राजघाट-जैनाबाद के बीच के नए पुल के नीचे बाेरी बंधान कर पानी राेका जाएगा।

अभी यह है नगर निगम की जल वितरण व्यवस्था

जलस्रोत

30 कुएं

255 ट्यूबवेल

सामान्य दिन में

22 एमएलडी प्रतिदिन

90 लीटर प्रति व्यक्ति

गर्मी के दिनों में

13 एमएलडी प्रतिदिन

65 लीटर प्रति व्यक्ति

कलेक्टर ने कहा- बोरीबंधन के लिए कल से हर रोज करेंगे श्रमदान

कलेक्टर ने कहा जब तक बोरीबंधान पूरी तरह नहीं बन जाता, तब तक शहर का हर व्यक्ति श्रमदान कर यहां बोरियां रखेगा। सुबह 8 से 10 बजे तक रोजाना सरकारी कर्मचारी श्रमदान करेंगे। इस बीच या इसके बाद दिनभर में कभी-भी एक दिन कांग्रेस, एक दिन भाजपा सहित अन्य सामाजिक संगठन 2-2 घंटे श्रमदान करेंगे। इसमें सभी समाज, संगठन सहित संस्थाएं भी हिस्सा ले सकती हैं। जो संस्था अपने पदाधिकारियों के साथ आएगी, नाश्ते की व्यवस्था खुद करेगी। पीने का पानी, जेसीबी, गैती, तगारी आदि नगर निगम उपलब्ध कराएगा।

जमीन पर बहता पानी रोकना होगा

जल संसाधन विभाग के इंजीनियर्स के अनुसार पानी रोकने पर नदी के दोनों ओर जमीन के अंदर पानी बहता रहता है। जमीन के अंदर पानी सूखने में समय लगता है। ऊपर पानी सूखने लगा तो नीचे भी जलस्तर घटता जाएगा। इसलिए ऊपर से बहता पानी रोकना होगा।

नलों में लगवाएंगे टोटियां, लीकेज सुधारेंगे

निगमायुक्त ने कहा इंजीनियर्स के साथ बैठकर किस तरह पानी बचा सकते हैं, उस पर विचार करेंगे। टाइम शेड्यूल फिक्स करेंगे। जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेंगे। शहरभर में नलों की टोटियां लगाने के साथ सभी लीकेज सुधारेंगे। जो पानी ऊपर है, उसे बचाकर रखेंगे।

ये उपलब्ध कराएंगे प्लास्टिक और कपड़े की बोरियां

लौटते वक्त गिट्‌टी-पत्थरों में फंसी कलेक्टर की कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाली

ताप्ती नदी से लौटते वक्त कलेक्टर की कार गिट्‌टी-पत्थरों में फंस गई। 10 मिनट तक मशक्कत करने के बाद भी निकल नहीं पाई तो कलेक्टर पैदल घाट पर चढ़कर आयुक्त की कार से घर पहुंचे। सहायक आयुक्त मोहम्मद सलीम खान की कार से टोचन कर उनकी कार खींची गई। इसके बाद भी कार नहीं निकली तो ट्रैक्टर-ट्रॉली से खींचकर निकाली गई। शाम करीब 7.40 बजे तक कार कलेक्टर के बंगले पर पहुंची।

बोरीबंधान के लिए पीएचई विभाग द्वारा एक हजार, जल संसाधन विभाग द्वारा एक हजार, लोक निर्माण विभाग द्वारा 2 हजार और पीआईयू विभाग ने 2 हजार प्लास्टिक की बोरियां उपलब्ध कराने का वादा किया है। इसके अलावा टेक्सटाइल, प्रोसेस, साइजिंग सहित शहर की दो पाइप फैक्ट्रियों से कपड़े की बोरियां बुलवाई जाएंगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Burhanpur News - mp news boribandhan will be the first time on the tapti river the goal is to provide 75 liters of water daily per person in summer
Burhanpur News - mp news boribandhan will be the first time on the tapti river the goal is to provide 75 liters of water daily per person in summer


source https://www.bhaskar.com/mp/burhanpur/news/mp-news-boribandhan-will-be-the-first-time-on-the-tapti-river-the-goal-is-to-provide-75-liters-of-water-daily-per-person-in-summer-070508-6459204.html

No comments:

Post a Comment