अनुराग शर्मा | भोपाल .हबीबगंज कोचिंग डिपो में 15 मिनट में पूरी ट्रेन धुल जाएगी और हर दिन कम से कम 25 हजार लीटर पानी बचने लगेगा। वर्तमान में एक ट्रेन को धोने में 4 से लेकर 6 घंटे लगते हैं और पांच हजार लीटर पानी खर्च होता है। डिपो में वर्तमान में 6 नियमित ट्रेनें धुलती हैं जिनमें 30 हजार लीटर पानी लगता है। यह संभव होगा हबीबगंज क्षेत्र में लगने वाले ऑटोमेटेड कोच वाशिंग प्लांट लगने के बाद। यह प्लांट 4 महीने में लग जाएगा। डीआरएम उदय बोरवनकर का कहना है कि प्लांट लगाने से समय और पानी दोनों की बचत होगी।
वर्तमान में हबीबगंज के कोचिंग डिपो में सुबह से लेकर शाम तक छह ट्रेनें धुलती हैं। इन्हें धोने के लिए दो वाशिंग पिट हैं और चार से छह घंटे में इन्हें धोकर तैयार किया जाता है। तीसरा अंडर कंस्ट्रक्शन है। इसके नजदीक ही यह प्लांट लगाया जाएगा। ऑटोमेटेड कोच वाशिंग प्लांट बनाने का काॅन्ट्रेक्ट वड़ोदरा की ओरिएंटल एंटरप्राइजेज को दिया गया है। वह इसे दो करोड़ रुपए में चार महीने में तैयार करके देगी।
री-साइकिल होता रहेगा पानी, कर्मचारी कम लगेंगे
इस प्लांट के जरिए धुलने वाली ट्रेनों से निकलने वाले पानी को री-साइकिल कर उसका उपयोग कर लिया जाएगा। इस वजह से हर दिन 25 हजार लीटर पानी की बचत इस प्लांट के लगने के बाद होने लगेगी। वर्तमान में छह कर्मचारी ट्रेनों को धोते हैं। नया प्लांट लग जाने के बाद हर महीने उनकी करीब डेढ़ लाख रुपए तनख्वाह की बचत रेलवे प्रशासन को होने लगेगी। जो कंपनी प्लांट लगाएगी, वह पांच साल तक वारंटी पीरियड में ट्रेनों की वाशिंग का काम करेगी।
ऐसा होगा आधुनिक वाशिंग प्लांट
- 05 नंबर प्लेटफॉर्म की ओर हबीबगंज पर लगेगा।
- 06 ट्रेनों की वर्तमान में होती है धुलाई हबीबगंज में।
- 02 करोड़ रुपए के करीब होगी प्लांट की लागत।
(रेल मंडल के मैकेनिकल डिपार्टमेंट के एग्रीमेंट के मुताबिक)
60 मीटर लंबा, 4 मीटर चौड़ा होगा
जिस स्थान पर प्लांट लगाया जाएगा, वहां 60 मीटर लंबी और 4 मीटर चौड़ी जगह का उपयोग कंपनी करेगी। पानी की पाइप लाइन, टंकियां आदि पहले से ही बनी हैं, उनसे प्लांट को सप्लाई की जाने लगेगी।
कंपनी ने शुरू कर दीं तैयारियां
ओरिएंटल कंपनी ने पिछले महीने प्लांट लगाने के लिए सर्वे करने के साथ प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी हैं। अब कंपनी मशीनरी लेकर आएगी और सेटअप लगाएगी। कंपनी को पश्चिम-मध्य रेलवे के भोपाल, कोटा व जबलपुर मंडलों में एक-एक व देशभर में 23 ऐसे प्लांट लगाने व उन्हें संचालित करने का काॅन्ट्रेक्ट मिला है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhopal/news/the-train-will-wash-in-15-minutes-25-thousand-li-will-be-saved-daily-water-126434570.html
No comments:
Post a Comment