Friday, December 20, 2019

नपा और राजस्व अमले ने बड़े अतिक्रमणकारियों के कब्जे छोड़ पुराने एबी रोड के किए चिन्हित, एसडीएम ने फिर मांगी रिपोर्ट

नपा और राजस्व अमले ने बड़े अतिक्रमणकारियों को छोड़कर सिर्फ पुराने एबी रोड पर ही कुछ लोगों के कब्जे चिन्हित कर खानापूर्ति कर ली। जब कार्रवाई के लिए फाइनल रिपोर्ट एसडीएम के सामने रखी गई तो उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कह दिया कि क्या पूरे ब्यावरा में सिर्फ पुराने एबी रोड को छोड़कर कहीं पर अतिक्रमण नहीं हुए हैं? मुझे सही रिपोर्ट बनाकर दीजिए।

सीएम के निर्देश के बाद कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। राजस्व निरीक्षक, पटवारी व नपा अमले से अतिक्रमण को चिन्हित कराया था। अमले ने पुराने एबी रोड पर गुना नाके से सिर्फ इंदौर नाके तक सिर्फ 27 कब्जे चिन्हित किए थे। एसडीएम रमेश पांडे के पास फाइनल सूची भेजी गई तो वे नाराज हो गए। उन्होंनेें दो टूक कह दिया कि क्या पूरे ब्यावरा में सिर्फ पुराने एबी रोड पर ही अतिक्रमण है? मुझे पूरी रिपोर्ट बनाकर दी जाए, गरीबों के के साथ ही दबंगों की भी सूची सौंपो, ताकि एक तरफ से कार्रवाई की जा सके। एसडीएम ने लोगों से भी जानकारी मांगी है।

पूरे शहर में 27 कब्जों को ही चिन्हित कर सौंपी गई थी रिपोर्ट, इसलिए नाराज हुए एसडीएम

नपा ने बताए सिर्फ वहीं कब्जे जिनके मामले पहले से कोर्ट में चल रहे हैं

अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के लिए शहर नगरपालिका ने भी कुछ अतिक्रमण चिन्हित कराए हैं जिनमें पुराने एबी रोड पर स्थित वे कब्जे शामिल है जिनके मामले पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन होने से बेदखली की कार्रवाई रुकी हुई है। जबकि हकीकत ये हैं कि शहर के बीचों बीच से बनी उत्कृष्ट सड़क के चौड़ीकरण के लिए जो कब्जे तोड़े गए थे वह अब वापस फैलकर सड़क तक आ गए हैं। यही वजह है कि एसडीएम ने अधिकारियों से फिर से चिन्हित कराने की कार्रवाई कराकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

इधर... भू- माफिया का भी रिकॉर्ड खंगालकर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

एसडीएम श्री पांडे ने बताया कि अतिक्रमण चिन्हित करने के बाद पुराने एबी सहित पूरे शहर के कब्जे तोड़े जाएंगे। इसके लिए हमारा प्रयास है कि अतिक्रमणकारियों को पहले खुद ही कब्जे तोड़ने की मोहलत दी जाए, यदि इसके बाद भी वे नहीं हटाते हैं तो एक तरफा कार्रवाई करते हुए प्रशासन शहर को अपने स्तर पर अतिक्रमण मुक्त बनाएगा। एसडीएम ने पटवारियों को भूमाफिया द्वारा बनाई गई संपत्ति का ब्यौरा भी देने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि भू- माफियाओं ने जमीनों का हेरफेर कर काफी जमीनें अपने कब्जे में ले रखी है। इसी को लेकर प्रदेश सरकार माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करने का मन बना रही है। इसके पालन में प्रशासन को इनके दस्तावेज खंगालने के निर्देश राजस्व अमले को दिए हैं।

ये हैं शहर में बड़े अतिक्रमण, लेकिन रिपोर्ट में इनका जिक्र तक नहीं

शहर के गुलाबशाह की बावड़ी में बेशकीमती करीब साढ़े 8 बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर पक्के मकान बनाए हैं। यहां कुछ निर्माणाधीन भी है।

अरन्या स्थित शहर में जलापूर्ति की पुरानी इंटकबेल की पूरी की पूरी बिल्डिंग पर दंबगों ने कब्जा कर लिया है। इसे बिल्डिंग को गिराकर नया निर्माण कर लिया गया है।

राजगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के पास बने पुराने राजगढ़ नाके के भवन में हाल ही में गिराकर उस पर पड़ोसी द्वारा पक्का निर्माण करने की तैयारी है।

अहिंसाद्वार पर उत्कृष्ट सड़क निर्माण के लिए बने नाले पर बनी पुलिया को ही सरकाकर मकान को टूटने से बचा दिया है, जबकि उक्त मकान का 4 से 5 फीट का हिस्सा उत्कृष्ट सड़क पर नाले पर आ रहा है।

मुल्तानपुरा में खंडेलवाल कॉलोनी के पास सरकारी नाले को पाटकर ऊपर से समतल कर प्लाट काट दिए गए हैं।

मुल्तानपुरा में ही अजनार नदी के बड़े पुल के दाेनाें तरफ बेशकीमती जमीन पर कब्जा कर पक्के निर्माण किए जा चुके हैं।

एबी रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप से पहले मंडलोई ढाबे के पास मोहनीपुरा होकर गए सरकारी रास्ते पर कब्जा कर पक्की दुकानें बना ली गई हैं।

पुराने एबी रोड पर ही गुजर गाैड़ धर्मशाला रोड पर एक व्यक्ति ने लोहे का ढांचा रखकर बड़ा अतिक्रमण कर आम रास्ता बंद कर दिया है।

पुराने एबी रोड पर मेढ़तवाल धर्मशाला के सामने एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण कर दुकानें बना ली हैं।

जनपद पंचायत के आगे भी एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकान बना ली है।

नपा ने पुराने एबी रोड पर सिर्फ उन 6- 7 दुकानों पर ही कार्रवाई के लिए सूची बताई है जिनके प्रकरण पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। अभी तक सिर्फ 27 कब्जों को ही चिन्हित कर रिपोर्ट मिली है, हमने राजस्व अमले और नपा को गरीबों के साथ ही दबंग और प्रभावशाली अतिक्रमणकारियों के कब्जे भी चिन्हित कर विस्तृत सूची मांगी, ताकि एक तरफ से प्रभावी कार्रवाई हो सके। यदि किसी व्यक्ति के पास किसी अतिक्रमण की जानकारी हो तो वे मुझे सीधे भी बता सकते हैं, हम मौका मुआयना कर सूची में नाम बढ़ा लेंगे। रमेश पांडे, एसडीएम ब्यावरा

आधी मिली है जानकारी

अतिक्रमण चिन्हित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अमले ने कई लोगों को छोड़कर पूरी जानकारी नहीं दी है। हम फिर से सर्वे कराकर कर चिन्हित करेंगे, ताकि बड़े कब्जे भी हट सके। एआर चिरामन, तहसीलदार ब्यावरा



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/rajgarh/news/mp-news-napa-and-revenue-staff-leave-the-occupation-of-big-encroachers-identified-on-old-ab-road-sdm-again-asked-for-report-065525-6227160.html

No comments:

Post a Comment