बड़वानी. राजघाट स्थित नर्मदा के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है। दो किमी क्षेत्र में फैले सरदार सरोवर बांध का बैकवाटर अब एक किमी तक सिमट गया है। राजघाट रोड पर बनी पहली पुलिया से पानी दूर होकर बैकवाटर 500 मीटर राजघाट तक सिमट गया है। 500 मीटर और सिमटा तो राजघाट आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं कम हो रहे जलस्तर को देखने के लिए शहरवासी पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले 20 दिन में ही पांच मीटर से ज्यादा नर्मदा का जलस्तर कम हुआ है। बताया जा रहा है की सरदार सरोवर बांध से नहरों में छोड़े जा रहे पानी और बिजली उत्पादन के कारण जलस्तर कम हो रहा है। शनिवार को नर्मदा का जलस्तर 133 मीटर से भी कम हो गया है। साथ ही अब नाव से सीधे लोग राजघाट पहुंच पा रहे हैं। इसके अलावा छोटी कसरावद स्थित बड़े पुल के पास से खेतों के रास्ते पैदल ही राजघाट जाया जा सकता है। पहले जिन रास्तों पर बैकवाटर था, वहां अब पानी कम हो गया है।
इधर... नर्मदा जन्मोत्सव की तैयारी शुरू
राजघाट पर मां नर्मदा जयंती पर नर्मदा जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए सोमवार को राजघाट रोड स्थित कृषि उपज मंडी में बैठक रखी गई है। दोपहर 3 बजे से बैठक शुरू होगी। आयोजनकर्ताओं ने बताया नर्मदा जयंती पर सात दिनी भागवत कथा होने के साथ ही मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई जाएगी। दीपदान के साथ भंडारा होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/khandwa/news/the-water-level-of-narmada-continuously-decreasing-at-rajghat-reached-133-meters-126403865.html
No comments:
Post a Comment