भोपाल. नए साल में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी हो सकेगी। वजह यह है कि स्कूल शिक्षा विभाग ने खाली पदों पर शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया 10 जनवरी से शुरू करेगा। फरवरी तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। मार्च-अप्रैल में इन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद नए सत्र से स्कूलों में ये नए शिक्षक पहुंच जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय ने ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया की तारीख बाकायदा घोषित कर दी है। इसमें वे शिक्षक शामिल हो सकेंगे जो प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड द्वारा इन पदों के लिए ली गई पात्रता परीक्षा-2018 में पात्र पाए गए हैं। इनकी भर्ती मप्र राज्य स्कूल शिक्षा सेवा-शैक्षणिक संवर्ग 2018 के कैडर में की जाएगी। आयुक्त लोक शिक्षण जय श्री कियावत का कहना है कि विभाग जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर लेगा। इसके बाद स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो सकेगी।
भर्ती के संबंध में विस्तृत विवरण, नियम, नर्देश, प्रक्रिया, खाली पद, आरक्षण, अर्हता आदि विवरण एमपी ऑनलाइन पोर्टल https://ift.tt/39tMtJW पर 10 जनवरी से उपलब्ध रहेगा। गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा एवं ट्रायबल के स्कूलों में इन दोनों श्रेणी के 22 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती होना है। सरकारी स्कूलों को सात साल बाद नए शिक्षक मिल सकेंगे। इससे पहले 2013 में व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने संविदा शिक्षकों के 16 हजार पदों के लिए परीक्षा ली थी। इसके बाद लगातार 6 साल तक भर्ती नहीं की गई।
सेवा शर्तें नए कैडर की ही लागू होंगी, पदोन्नति के पद स्पष्ट करने की मांग
इन दोनों पदों के लिए पिछले साल बनाए गए नए कैडर की ही सेवा शर्तें लागू होंगी। इसी कैडर में अध्यापकों का संविलियन कर तीनों श्रेणियों में नए पद सृजित किए गए थे। शासकीय अध्यापक संगठन के संयोजक उपेंद्र कौशल का कहना है कि पिछले साल 30 जून को नए कैडर के संबंध जारी गजट नोटिफिकेशन में जिक्र किया गया था कि इस कैडर में भविष्य में जो पद आएंगे, उनमें 50 फीसदी पद सीधी भर्ती एवं 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।
हमारी यह मांग है कि विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन दोनों पदों पर की जा रही सीधी भर्ती में गजट नोटिफिकेशन के इस प्रावधान का ध्यान रखा गया है या नहीं। आजाद अध्यापक संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवराज वर्मा का कहना है कि इस मामले को लेकर हम स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं विभाग की प्रमुख सचिव से 10 जनवरी से पहले मिलेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhopal/news/recruitment-process-will-begin-from-10-january-government-schools-will-get-new-teachers-after-7-years-126408728.html
No comments:
Post a Comment