किल कोरोना अभियान के बाद अब जिले में एक बार फिर डोर टू डोर सर्वे शुरू हो गया है। इसके तहत हर आठवें दिन सर्वे टीम आपके परिवार की स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचेगी। एक से 15 जुलाई तक चले किल कोरोना अभियान के तहत दो हजार 84 सर्वे टीमों ने जिले के चार लाख 62 हजार 70 घरों में 23 लाख 74 हजार 247 व्यक्तियों का सर्वे किया था, जो जिले की अनुमानित जनसंख्या 22 लाख 65 हजार 25 का 104.82 प्रतिशत है। सर्वे में सर्दी, खांसी, बुखार, मलेरिया एवं डेंगू आदि की पहचान की गई। इस दौरान कोरोना के संदिग्ध 4962 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 29 कोरोना पॉजीटिव निकले थे। इधर इस अभियान के बाद शहर व जिले में लगातार मिल रहे कोरोना रोगियों के मद्देनजर इसी तरह का सर्वे फिर से शुरू किया है। इस सर्वे में जिले में 2134 टीमें लगी हुई हैं। इनमें से 409 टीमें उज्जैन शहर में है। ये प्रत्येक घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी जुटाकर उसे एप पर अपलोड कर रही है। टीमों का शेड्यूल इस तरह बनाया है कि प्रत्येक घर पर हर 8 दिन में टीम दस्तक देगी और सभी के स्वास्थ्य के बारे में अपडेट लेती रहेंगी। डोर टू डोर सर्वे के नोडल अधिकारी अंकित अस्थाना ने बताया किल कोरोना अभियान के बाद सोमवार से ही डोर टू डोर सर्वे जिले में फिर से शुरू करवा दिया है। यह अभियान नहीं, सर्वे है। इस तरह का सर्वे अब जिले में तब तक जारी रहेगा, जब तक कि कोरोना संक्रमण खत्म नहीं हो जाता।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/survey-from-2134-teams-resumes-in-the-district-every-eighth-day-will-come-to-check-your-health-127546191.html
No comments:
Post a Comment