रविवार शाम सतपुड़ा जलाशय के छठ घाट पर छोटू अंसारी, इजाज खान व कुछ युवक मछलियों और अन्य जीवों को खाना खिलाने गए थे। तभी उनकी नज़र पानी में पुराने मछलियां पकड़ने वाले जाल में फंसे सांप पर पड़ी। जिस पर सूझ-बूझ से युवकों ने सांप को जाल समेत जलाशय से बहार निकाला और पीपल फॉर एनिमल्स यूनिट सारनी के अध्यक्ष आदिल खान को सूचना दी। आदिल तत्काल जरूरी सामान लेकर वहां पहुंचे और सांप को जाल से निकलना शुरू किया। आदिल ने बताया लगभग सात फीट लंबा धामन सांप मछली को पकड़ने वाले जाल में बुरी तरह से फंसा हुआ था।
सांप को जाल से सुरक्षित निकालना बहुत कठिन था। आदिल ने बताया उन्होंने पहले सांप के शरीर में फंसे जाल को बाकी जाल से अलग किया। फिर धीरे-धीरे कैंची के माध्यम से बारीकी से सांप के शरीर पर जकड़े जाल को अलग किया। लगभग आधे घंटे में सांप को सुरक्षित जाल से निकलने में सफलता मिली। जिसके बाद सांप को जलाशय के पास जंगल में छोड़ दिया। आदिल का कहना है मछली पकड़ने के जाल को यहां-वहां फेंकना नहीं चाहिए। जाल खराब हो जाए तो उसे फेंकने की जगह नष्ट करना चाहिए।
आदिल ने बताया उनके माध्यम से लंबे समय से बैतूल जिले में वन्यप्राणियों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है और लोगों को व बच्चों को वन्यप्राणियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में मीडिया का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है। जिस वजह से अब लोग वन्यप्राणियों को बचाने आगे आ रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/sarni/news/a-snake-trapped-young-man-saved-his-life-and-was-released-into-the-forest-127559817.html
No comments:
Post a Comment