Monday, December 23, 2019

एक ओर प्रशासन की टीमें कार्रवाई कर रही थीं, दूसरी ओर कई मशीनें खनन में जुटी रहीं

केन नदी में रेत का अवैध खनन सिंडीकेट के संरक्षण में खुलेआम चल रहा है। रविवार की देर रात से लेकर सोमवार को दिन में प्रशासन की टीमें अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करती रहीं, लेकिन मजे की बात यह है कि एक ओर अधिकारी कार्रवाई करके भारी मशीनों को पकड़ते रहे तो दूसरी ओर सोमवार को ही परेई में नदी के अंदर रास्ता बनाने में तीन पॉकलेन मशीनें जुटी रहीं। टीमों ने 8 मशीनें और 30 ट्रकों को जब्त किया है।

प्रशासन की टीमों में एडीएम और एसडीएम शामिल रहे। एक टीम में एडीएम प्रेम सिंह चौहान और लवकुशनगर एसडीएम अविनाश रावत वहीं दूसरी टीम में राजनगर एसडीएम स्वप्निल वानखेड़े और छतरपुर एसडीएम अनिल सपकाले शामिल रहे। दोनों ही टीमें रविवार को देर रात केन नदी के तराई क्षेत्र में पहुंचीं। प्रशासन की कार्रवाई सुबह तक जारी रही। इस कार्रवाई की जानकारी खनन कारोबारियों को पहले से ही लग गई थी। इस कारण से सिंडीकेट में शामिल माफिया ने अपनी मशीनों की उप्र की ओर की सीमा में छिपा दिया।

खनिज अधिकारी अनिल मिश्रा ने बताया कि 8 भारी मशीनें और 6 ट्रक गोयरा थाना के रामपुर घाट क्षेत्र में पकड़े गए हैं। इसी प्रकार से परेई और बरुआ क्षेत्र से 22 ट्रक पकड़े गए हैं। दो अन्य ट्रक सिंगारपुर क्षेत्र से पकड़े गए हैं। कुल 30 ट्रकों को जब्त किया गया है।

घटती गई जब्त ट्रक और मशीनों की संख्या

प्रशासन की इस कार्रवाई में जब्त मशीनों और ट्रकों की संख्या लगातार घटती गई। कार्रवाई में शामिल अधिकारियों ने सुबह बताया कि 11 मशीनें पकड़ी गई हैं। इसी प्रकार ट्रकों की संख्या 56 बताई गई। पर बाद में यह संख्या घट गई। इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी अनिल मिश्रा का कहना है कि किसी गलतफहमी में 3 अधिक मशीनों को पकड़ा गया बता दिया गया, 8 ही मशीनें जब्त की गई हैं। वहीं ट्रकों के संबंध में उनका कहना है कि कुछ ट्रक खाली थे इस कारण उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं कुछ ट्रकों के ड्राइवर छोड़कर भाग गए हैं। इस कारण उन्हें जब्त नहीं कर पा रहे हैं। ट्रकों की संख्या अब भी बढ़ सकती है।

परेई में चलती रहीं मशीनें

एक ओर प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। वहीं दूसरी ओर सिंडीकेट के संरक्षण परेई घाट पर केन नदी में रास्ता बनाने के काम में तीन मशीनें पूरे दिन चलती रहीं। मशीनें नदी के बहाव को बदलकर रास्ता बनाने में जुटी रहीं ताकि डूब क्षेत्र की रेत को निकाला जा सके। बताया जा रहा है कि यह मशीनें कांग्रेस नेता के संरक्षण में चल रही हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Chhatarpur News - mp news on one hand the administration teams were taking action on the other hand many machines were engaged in mining


source https://www.bhaskar.com/mp/chhatarpur/news/mp-news-on-one-hand-the-administration-teams-were-taking-action-on-the-other-hand-many-machines-were-engaged-in-mining-062536-6247630.html

No comments:

Post a Comment