घने कोहरे का फायदा उठाकर बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ग्वालियर-डबरा बायपास पर चार ट्रक चालकों को लूट लिया। ट्रक घना कोहरा होने की वजह से बहुत ही धीमी गति में निकल रहे थे, इसके चलते इन्हें रोक-रोककर बदमाशों ने लूटा। सूचना मिलने पर सिरोल पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। बदमाश किसी से 500 तो किसी से 2 हजार रुपए तक लूट ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
शनिवार सुबह घना कोहरा था। हाईवे पर दृश्यता इतनी कम थी कि पांच फीट दूर का भी स्पष्ट नजर नहीं आ रहा था। शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे डबरा की तरफ से बायपास होता हुआ एक ट्रक निकल रहा था। ट्रक बहुत धीमी गति में था। ट्रक चालक ने ब्रेक लगाया और वह टॉयलेट के लिए उतर गया। तभी दो बदमाश आए और उसकी जेब से 800 रुपए छीन लिए। दोनों बदमाश भाग गए। फिर मेहरा टोल प्लाजा के आगे निकल गए। यहां हाथ देकर तीन और ट्रक चालकों को रोका। इनसे भी रुपए छीन लिए। सबसे पहले लूट का शिकार हुए ट्रक चालक का नाम जितेंद्र निवासी हरियाणा बताया गया है। उसने अपने मोबाइल से पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलने पर टीआई सिरोल केपीएस यादव फोर्स के साथ पहुंच गए। यहां उन्होंने ट्रक चालक से पूछताछ की तो पता लगा कि बदमाशों ने चार ट्रक चालकों को लूटा है। उस ट्रक चालक से 800 रुपए ही छीने थे, इसलिए उसने थाने जाकर एफआईआर कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने नाम और नंबर नोट कर लिया। चालक ने पुलिस को बताया कि बदमाश संख्या में करीब आधा दर्जन थे और दो बाइक पर सवार थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-bike-riders-on-highway-robbed-four-truck-drivers-070520-6232355.html
No comments:
Post a Comment