शहर से सटा राऊ का रंगवासा क्षेत्र कंटेनमेंट जोन है, लेकिन कैट चौराहे से जब राऊ रोड पर आगे बढ़ें तो लगता ही नहीं कि यह रोड कंटेनमेंट एरिया की ओर जाता है। दोनों और कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठान, रहवासी इलाके और खेत हैं। आरआर कैट की सीमा खत्म होते ही सड़क किनारे बैठे सब्जी बेचने और खरीदने वालों की भीड़ है।
सब्जी बेचने वाले कुछ दोपहिया वाहन चालक गाड़ी में हमेशा चाबी लगाए रखते हैं, ताकि पुलिस या निगम की टीम के आते ही भाग निकलें। सब्जी बेच रहे शख्स ने बताया कि टाउनशिप के ग्राहक फोन कर सब्जी मंगा रहे हैं। बची हुई यहां बेच देता हूं। आगे बढ़ने पर रेलवे क्रॉसिंग वाला राऊ चौराहा पूरी तरह बंद था, लेकिन दो पहिया वाहन चालकों ने आईआईएम की ओर जाने के लिए रास्ता निकाल रखा है।
रंगवासा जाने वाले रोड पर कोई बैरिकेड नहीं था। लोग भी घूम रहे थे। वेयर हाउस के सामने मैदान में क्रिकेट खेला जा रहा था। महिलाएं गाड़ी भी सीख रही थीं। आईआईएम से राऊ की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस तैनात दिखी। आगे बढ़ने पर पटाखों की दुकान पर टीवी चलता दिखा। फूल की दुकानें आबाद थीं। इक्का दुक्का सब्जी बेचने वाले यहां भी सड़क किनारे बैठे थे।
सीएसपी ऑफिस के सामने ही दोपहर एक से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू बेअसर

शहर में लोगों ने मनमाने ढंग से ही लॉकडाउन को खत्म कर दिया है। बेखौफ लोग सड़कों पर बिना मास्क के निकल रहे हैं और कई स्थानों पर तो सड़कों पर भरपूर ट्रैफिक भी नजर आ रहा है। सोमवार को ऐसा ही नजारा था अन्नपूर्णा से राजबाड़ा तक का।
सुबह 11 बजे हम अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे तो यहां डेरी, राशन दुकान व पूजन सामग्री की दुकानें आधी शटर गिराकर चलाई जा रही थीं, वहीं थोड़ा आगे अन्नपूर्णा सीएसपी ऑफिस के सामने वाहनों की बेखौफ आवाजाही हो रही थी, जबकि इस ऑफिस के ठीक सामने कोरोना के दो केस आ चुके हैं। इसके बाद अन्नपूर्णा से बैंक कॉलोनी तक की एक सड़क के हिस्से को पुलिस प्रशासन ने सील कर रखा है, लेकिन फिर भी इस सील्ड सड़क पर भी वाहन व लोग नजर आए।
अन्नपूर्णा में सीएसपी ऑफिस से लेकर महूनाका तक तक दो चेकिंग पॉइंट मिले, लेकिन सिर्फ बैरिकेड्स लगे थे। पुलिस जवान नदारद थे। यह नजारा सुबह 11 से शाम 5 बजे तक ऐसा ही था। इसके बाद हम कलेक्टर ऑफिस होकर, हरसिद्धि मंदिर से मच्छी बाजार चौराहा होकर यशवंत रोड गुरुद्वारे से राजबाड़ा पहुंचे तो यहां सामान्य दिनों की तरह कार व अन्य वाहनों का ट्रैफिक बेखौफ दौड़ता दिखा। कई वाहन चालक तो मास्क भी नहीं लगाए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/cricket-was-being-played-in-the-ground-in-front-of-the-warehouse-women-were-learning-to-drive-127341095.html
No comments:
Post a Comment