कुछ दिनों से आ रही कोरोना जांच रिपोर्ट के आंकड़ों के आधार पर शहर में संक्रमण कम होता दिख रहा है। दो दिन में 44 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि कोई नया पॉजिटिव नहीं मिला है। इधर, भानपुरा तहसील में राजस्थान की सीमा से लगे गांवों में खतरा बढ़ रहा है। सीमा से लगे राजस्थान के गांव में पॉजिटिव मिलने के बाद यहां प्रशासन सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य सर्वे के साथ जिला प्रशासन ने रतनपुरा के मॉडल स्कूल को क्वारेंटाइन सेंटर बनाना शुरू कर दिया है।
शहर सहित जिले में तीन दिन से कोई पॉजिटिव सामने नहीं आया है। वहीं उनके संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट भी दो दिन से निगेटिव ही आ रही है। बुधवार रात 17 व गुरुवार रात को 27 जांच सैंपल की रिपोर्ट आई। सभी निगेटिव रही। इसमें 30 से अधिक लोग नयापुरा व साेनगरी में मिले पॉजिटिव युवक के संपर्क वाले सदस्य हैं। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा अभी थमता दिख रहा है। हालांकि बीमारी के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। जिस तरह से लोग बाजार में बिना काम के निकल रहे है। जल्द ही संक्रमण का फैलने का डर भी सता रहा है। शहर के क्वारेंटाइन सेंटर पर अब 49 लोग ही बाकी हैं। 90 पॉजिटिव में से 8 लोगों की मौत हो गई है। 69 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए। एक्टिव केस अब केवल 13 ही बचे हैं।
रास्ते बंद कर राजस्थान सीमा से लगे जिले के गांवों को कर रहे सुरक्षित
कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि राजस्थान के रामगंजमंडी के गांव उंडवा में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद राजस्थान सीमा से भानपुरा तहसील के गांवों में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। हालांकि कोरोना पाॅजिटिव मरीज की जानकारी मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन ने राजस्थान से लगे गांवों को सील किया जा रहा है। प्रशासन ने कालाकोट से उंडवा को जोड़ने वाले 4 कच्चे रास्तों को सील किया गया है। इसके साथ एमएमयू टीमों द्वारा स्वास्थ सर्वे शुरू कर दिया है। संदिग्ध मिलने पर प्रशासन ने सैंपल लेने की शुरुआत कर दी। प्रशासन राजस्थान की तरफ जाने जाने वाले लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। संदिग्ध की संख्या बढ़ने की अाशंका के चलते प्रशासन ने रतनपुरा के मॉडल स्कूल को क्वारेंटाइन सेंटर बनाना शुरू कर दिया है।
भानपुरा में मुंबई से आई युवती निकली पॉजिटिव
जिले में शुक्रवार रात मिली रिपोर्ट में भानपुरा की 18 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई। कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया युवती लॉकडाउन से पहले अपनी बहन के पास मुंबई गई थी। 25 मई को यह बहन व परिजन के साथ अनुमति लेकर भानपुरा आई थी। युवती भानपुरा आई तो उसे सर्दी-खांसी की समस्या हुई। यहां किसी को सूचित करने की बजाय युवती की बुआ जो संधारा में नर्स है, वह उपचार कर रही थी। इसकी जानकारी पड़ोसियों ने प्रशासन को दी। इसके बाद अधिकारियों ने युवती व परिजन को 27 मई को क्वारेंटाइन किया व सैंपल लिए। इसकी रिपोर्ट में युवती शुक्रवार को पॉजिटिव आई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/mandsaur/news/danger-from-getting-positive-in-the-village-bordering-rajasthan-on-sambhal-city-127353340.html
No comments:
Post a Comment