शुक्रवार को शहर के लिए बडी राहत भरी खबर रही। 2 साल की मासूम बच्ची समेत 7 लोग कोरोना से जंग जीतकर घर लौट गए। इसके साथ ही जिले में अब तक 54 मरीज ठीक हो चुके हैं। जो 7 लोग डिस्चार्ज हुए इनमें से शहर के सबसे बड़े कंटेनमेंट घंटाघर क्षेत्र के 6 लोग शामिल है। इनमें 2 वर्षीय बच्ची अपनी 58 साल की दादी के संपर्क में आने से पॉजिटिव हो गई थी। जिसके कारण उसकी मां जो निगेटिव रही उसे भी प्रशासन ने बच्ची की देखभाल के लिए साथ रखा। इसी तरह जावद के दूसरे हॉटस्पॉट ग्राम उम्मेदपुरा के लिए थोड़ी राहत यह रही कि वहां से पहली 65 वर्षीय पॉजिटिव महिला भी कोरोना से जंग लड़ते हुए ठीक होकर घर पहुंच गई।
वात्सल्य भवन कोविड सेंटर पर भर्ती इन सभी मरीजों में 10 दिन के दौरान कोई लक्षण नहीं दिखाई देने पर नई गाइड लाइन के अनुसार स्वस्थ्य घोषित कर एम्बुलेंस द्वारा घर पहुंचाया। इसके पहले कोविड सेंटर पर एडीएम विनय धोखा, एसडीएम एसएल शाक्य, सीएसपी राकेश मोहन शुल्क, सिविल सर्जन डॉ. बीएल रावत, नपा सीएमओ रियाजुद्दीन कुरैशी व अन्य अधिकारियों ने तालिया बजाकर इनका हौंसला बढ़ाया। घर पहुंचने पर आस पास के रहवासियों ने भी खुशी के साथ स्वागत किया। शहर में जिस क्रम से स्कीम नंबर 7, हम्माल मोहल्ला, घंटाघर, ग्वालटोली, शिक्षक कॉलोनी, मेहनोत नगर से कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलना शुरू हुए थे उसी क्रम से सभी ठीक भी हो रहे है। अब शहर के सभी पुराने कंटनमेंट क्षेत्र कोरोना मुक्त हो गए है। यहां एक भी एक्टिव मरीज नहीं बचा है। सिर्फ राजीव नगर में 23 मई को एक नया मरीज मिलने के बाद वह कंटेनमेंट बना है और वहां भी उसके बाद सिर्फ उसकी पत्नी ही संक्रमित मिली बाकी सभी संपर्क में आए संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अब जावद में संक्रमण का खतरा ज्यादा- शहर के बाद कोरोना संक्रमण का खतरा अब जावद में सबसे ज्यादा है। पूरे संभाग के अधिकारियों की नजर वहां है। यहां से निकले मरीजों ने जिले का आंकड़ा काफी दिया हैै। हालांकि प्रशासन का मानना है कि हमें ज्यादा से ज्यादा मरीजों को ट्रेस करना है। अगर मरीज मिल गए तो बाकी लोगाें को तो सुरक्षित किया जा सकेंगा।
1 लाख 26 हजार 872 से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग
नीमच शहर के लिए राहत देने वाली खबर है कि यहां 1 लाख 26 हजार 872 से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है लेकिन अभी तक यहां अब कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला है। संक्रमण की चेन यहां टूट गई है। अब शहरवासियों को संयम व सावधानी बरतने की जरूरत है। सभी सोशल डिस्टेंस का पालन करें। सैनिटाइजर व साबुन से बार-बार हाथों का साफ करें। भीड़ का हिस्सा नहीं बनें।
ठीक होने के बाद मां की गोद में हंसते हुए घर गई बच्ची
संक्रमित दादी के संपर्क में आने के बाद घंटाघर कंटेनमेंट की नर्सिंग गली निवासी 2 साल की बच्ची का 19 मई को सैंपल लिया था जो 20 मई को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव मिला। इसके बाद उसकी निगेटिव रही मां के साथ ही बच्ची को आइसोलेशन व कोविड सेंटर में 11 दिन रखा। वह भी कोरोना से जंग जीतकर मां की गोद में हंसते-खेलते हुए घर गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/neemuch/news/7-including-2-year-old-girl-won-battle-with-corona-leaving-only-two-people-neemuch-city-completely-corona-infection-free-127353150.html
No comments:
Post a Comment