Saturday, May 30, 2020

उम्मीद थी गर्मी में कम होगा कोरोना, हकीकत : मई में बढ़ गए 42% केस

गर्मी के साथ ही कोरोना वायरस भी खत्म हो जाएगा... ये आमजन का मिथक था जोकि टूट गया है। हकीकत ये है कि अप्रैल के मुकाबले मई महीने में 42.86 प्रतिशत ज्यादा केस सामने आए हैं। इसी महीने में एक कोरोना पॉजिटिव ने दम भी तोड़ दिया है। अब जून में संभलना बहुत जरूरी है क्योंकि इस महीने ना तो लॉकडाउन है, नहीं कोई बड़ी सख्ती, ऐसे में इस महीने केस दोगुना रफ्तार से बढ़ सकते हैं।
अप्रैल में सभी मरीज स्वस्थ होकर लौटे थे, मई में एक ने जान गंवाई :- हमारे शहर में कोरोना की शुरुआत 11 अप्रैल से हुई थी, अप्रैल के महीने में 14 मामले सामने आए थे। उम्मीद थी मई के महीने में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हो जाएगी, लेकिन मई महीने में 20 केस मिल गए हैं। यानी, 6 केस ज्यादा। मई में एक कोरोना पॉजिटिव की मौत भी हो गई है, जबकि अप्रैल के महीने में शहर के एक भी मौत नहीं थी, सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए थे।

अप्रैल में 14 पॉजिटिव केस सामने आए थे और मई में 20 केस निकले

रफ्तार : मई में डेढ़ दिन में मिला 1 केस

मई महीने में अब तक 20 मामले सामने आ गए हैं। प्रतिदिन के मान से देखा जाए तो औसत डेढ़ दिन में एक नया केस सामने आया है। वहीं अप्रैल के महीने में प्रतिदिन के मान से दो दिन में एक केस मिला था।

रिकवरी रेट : 90% से ज्यादा ही रहा

शहर में अब तक 34 पॉजिटिव मरीज मिले हैं, इनमें से 31 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। ऐसे में हमारा रिकवरी रेट 91.18 प्रतिशत है जो बेहतर ही है। मई महीने में रिकवरी रेट 90 प्रतिशत से ज्यादा ही रहा है।

तैयारी : एक साथ 1200 मरीज होने पर भी नहीं बिगड़ेगी व्यवस्था

राष्ट्रीय स्तर पर जून-जुलाई में कोरोना के पीक पर होने की बात कही जा चुकी है। इसे लेकर रतलाम भी तैयारी में जुटा है। शहर में 1200 से ज्यादा केस मिलने का अनुमान लेकर अधिकारी चल रहे हैं। तैयारी भी इसी मान से की जा रही है। आबादी, संक्रमण की रफ्तार, पॉजिटिव रेट, टेस्ट सैंपल का अनुमान लगाते हुए अधिकतम अनुमान लगाया है।

मिथक टूटने का दर्द सोशल मीडिया पर

  • लोग कह रहे थे गर्मी से कोरोना मर जाएगा... लगता है वह डर्मी कूल लगाकर घूम रहा है।
  • गर्मी में कोरोना मर जाएगा ये ऐसा ही सिद्ध हुआ जैसे... शादी के बाद लड़का सुधर जाएगा।
  • कोरोना गर्मी में नहीं मरा तो बारिश के पानी में डूब कर मर जाएगा... संयम रखें।
  • गर्मी से कोरोना मरे ना मरे... कोई छत की टंकी के पानी से नहा ले, तो जरूर मर जाएगा।
  • गर्मी में मरने वाला था कोरोना... नहीं मिला, अब गर्मी और कोरोना मिल कर लोगों को मार रहे।
  • सुना है... जिसने गर्मी में कोरोना के खत्म होने की बात कही थी, वह राजस्थान में लू लगने से मर गया।

संक्रमण का खतरा बना
अब बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ चुकी है। यह और बढ़ेगी। इससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है। लोगों को नियमों का पालन करना ही होगा, सोशल डिस्टेंसिंग, हाथ धोना व मास्क को याद रखे।- डॉ. प्रमोद प्रजापति, नोडल अधिकारी, कोविड-19

एक्सपर्ट व्यू

जून व जुलाई में कोरोना वायरस के केस बढ़ने का अंदेशा है। इसका कारण मौसम में बदलाव रहेगा। बारिश से सर्दी, खांसी, बुखार के मामले सामने आएंगे। ऐसे लोगों को जल्द संक्रमण होने का खतरा भी रहेगा। अब रेड जोन से भी कई लोग शहर में आएंगे। ऐसे में हमारा फोकस इन पर ज्यादा है। फीवर क्लीनिक पर भी जोर दे रहे हैं। लोगों के घूमने से संक्रमण का खतरा है।
डॉ. प्रमोद प्रजापति, नोडल अधिकारी कोविड-19



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Corona expected to reduce in summer, reality: 42% of cases in May


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/news/corona-expected-to-reduce-in-summer-reality-42-of-cases-in-may-127358698.html

No comments:

Post a Comment