Friday, May 22, 2020

छलनी कर दिया गौर का सीना, दबंगई से निकाल रहे रेत

लॉक डाउन के दौरान भी अवैध उत्खनन का सिलसिला जारी है। पिछले दो माह में रेत माफिया ने गौर नदी के बरमघाट में जमकर अवैध उत्खनन किया है। हालत यह है कि नदी के अंदर बड़ी-बड़ी खाई नजर आने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार रेत माफिया रात में अवैध खनन कर रेत को वाहनों के जरिए स्टॉक कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ हथियारबंद बदमाश इस अवैध उत्खनन में शामिल हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं इस संबंध में जिम्मेदार बेफिक्र नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बैरागी गांव में समीप गौर नदी का बरम घाट है। जहां रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। रात होते ही माफिया सक्रिय हो जाते हैं। मशीनों से रात में खनन किया जाता है। इसके बाद हाईवा और डंपर में रेत भरकर सप्लाई की जाती है। रात भर रेत निकालने का सिलसिला चलता है। सुबह होते ही यह काम बंद कर दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि ककरतला और गधेरी के कुछ लोग इस अवैध उत्खनन में शामिल हैं, जो हथियार लेकर ग्रामीणों को चमकाते रहते हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं जो पुलिस रिकार्ड में फरार हैं। इस संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि खदान पर कई बार दबिश दी गई है, लेकिन अभी तक कोई पकड़ में नहीं आया है।
यहां किया गया है रेत का स्टॉक
सूत्रों के अनुसार ग्राम बैरागी से निकली नहर के किनारे बने रास्ते पर कई स्थानों पर रेत का स्टॉक किया गया है। वहीं लुहकरी से ककरतला मार्ग पर भी रेत के ढेर लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में यह कारोबार संचालित हो रहा है। रेत माफिया दबंगई से अवैध खनन कर रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान भी इस तरह से हो रहा अवैध उत्खनन साठगांठ की तरफ इशारा कर रहा है। हालाकि प्रशासनिक अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब प्रशासन इतना मुस्तैद है तो फिर रेत कैसे निकाली जा रही है?
इनका कहना है
रेत के अवैध उत्खनन की जानकारी लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने दबिश भी दी थी, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हो पाई, फिर से जांच व कार्रवाई करेंगे।
सुशील चौहान,थाना प्रभारी बरेला
रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण की जानकारी मुझे नहीं है, यदि आप बता रहे हैं तो जानकारी जुटाई जाएगी। जल्द ही बैरागी गांव के बरम घाट में कार्रवाई होगी।
अभिषेक पटले,माइनिंग इंस्पेक्टर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Trimmed Gaur's chest, removing sand from bullying


source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/trimmed-gaurs-chest-removing-sand-from-bullying-127330309.html

No comments:

Post a Comment