लॉकडाउन 4.0 में बाजार खुलते ही लोग लापरवाही करने लगे हैं। शहर में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बावजूद भीड़ भरे इलाकों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा और ज्यादा हो गया है। शनिवार को भी ऐसे ही नजारे दिखे। जहां बाजारों में बिना अनुमति ऑटो चालक सवारियां भरकर दौड़े, वहीं तांगे भी चले। इनमें एक-दूसरे के करीब ही लोगों को बैठाया गया। वहीं दोपहिया वाहनों पर भी तीन-तीन लोग बैठे नजर आए।
इधर, बिना अनुमति चल रहे ऑटो चालकों को पकड़ने के लिए सात पाॅइंट पर पुलिस ने चेकिंग कर 31 ऑटो चालकों के चालान काटे। इनमें वे ऑटो चालक शामिल थे, जिनकी ऑटो में तीन या तीन से अधिक सवारियां बैठी थीं। पुलिस ने ऑटो चालकों की चेकिंग के लिए सात पॉइंट तो निर्धारित कर दिए, लेकिन पूरे शहर में जगह-जगह ऑटो चालक सड़कों पर नजर आए। कई ऑटो चालक तो मास्क तक नहीं लगाए थे।
शहर में अभी तक ऑटो और ई-रिक्शा चल रहे थे, लेकिन शनिवार को तांगे भी नजर आए। इनमें अधिक संख्या में लोग बैठे हुए थे। कंपू मेंं जहां लाइन से खड़े होकर तांगे वाले सवारियां बैठा रहे थे, वहीं इंदरगंज क्षेत्र में भी तांगे वाले आगे और पीछे सवारियों को भरकर चल रहे थे। कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग नजर नहीं आ रही थी। इस तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसी तरह दोपहिया और चार पहिया वाहनों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा। शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहनों पर तीन-तीन, चार-चार लोग बैठे नजर आए। इसी तरह कार में दो से अधिक लोग बैठे थे। जबकि पुलिस अफसरों ने निर्देश जारी किए थे कि दोपहिया वाहन पर एक और चार पहिया वाहन में दो लोग ही बैठेंगे। इन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, इसके चलते अब बेखौफ होकर लोग नियम तोड़ रहे हैं।
शाम 7 बजे के बाद भी बंद नहीं की दुकान, 27 के चालान कटे: शाम 7 बजे के बाद दुकान खोलकर बैठे दुकानदारों के भी चालान काटे गए। ऐसे 27 दुकानदारों के चालान पुलिस ने बनाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/tangas-also-run-with-autos-on-the-roads-cut-off-31-challans-127334356.html
No comments:
Post a Comment