Wednesday, December 4, 2019

जांच में मिली खामियां, किसान मार्केटिंग विपणन संस्था का लाइसेंस किया निलंबित, 15 दिन में 6 रैक से आएगी 13 हजार मीट्रिक टन खाद

पुराने माल गोदाम के पास स्थित दि हरदा किसान सहकारी विपणन संस्था मर्यादित का खाद विक्रय लाइसेंस उप संचालक कृषि ने बुधवार को निलंबित कर दिया है। उर्वरक निरीक्षक को निरीक्षण में कई खामियां मिली थीं इस कारण यह कार्रवाई हुई है। सोमवार को किसानों ने यहां विसंगतियों काे लेकर जाम लगाकर विरोध जताया था। खाद के लिए भटक रहे किसानों को देखते हुए विभाग ने 20 हजार मीट्रिक टन की डिमांड और भेजी है। 15 दिन में 20 दिसंबर तक 6 रैक के जरिए करीब 13 हजार मीट्रिक टन यूरिया अा जाएगी। रबी सीजन में 37,000 मीट्रिक टन में से 34950 मीट्रिक टन खाद आ चुका है। अब अागे से किसानों को खाद सोसाइटियों से मिलेगा। बुधवार को विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी उप संचालक से भी मिले।

जिले में किसान अभी भी खाद के लिए परेशान हैं। छाेटे किसान 2-2 बोरी के लिए परेशान हो रहे हैं। समय पर और बिना पानी बोवनी कर चुके किसानों को अब खाद की जरूरत है। ऐसे छोटे किसान समय पर सोयाबीन नहीं बेच पाए। इस कारण वे अब सोयाबीन बेचकर खाद लेने आ रहे हैं। लेकिन अब खाद नहीं मिल रही है। कुछ किसान होशंगाबाद, खंडवा, हरसूद से ज्यादा कीमत में खाद ला रहे हैं। पहले ही पूरे सीजन की खाद का स्टॉक कर चुके कुछ लोग किसानों के नाम पर आदिवासी क्षेत्रों में गेहूं के बदले यूरिया बेच रहे हैं। बुधवार को जनपद सदस्य दशरथ पटेल, भाकिसं के प्रतिनिधिमंडल ने डीडीए से मुलाकात की।

20 दिसंबर तक जिले में विभिन्न खाद कंपनियों की 6 रैक लगेगी। रबी सीजन की कुल मांग का 90 प्रतिशत आवंटन 15 दिसंबर तक मिल जाएगा। 8 दिसंबर को आईपीएल व व आरसीएफ की रैक लगेगी। 10 दिसंबर को इफको व कोरोमंडल इंटरनेशनल कंपनी की रैक लगेगी। 13 दिसंबर को चंबल फर्टिलाइजर कंपनी की रैक लगना है, 20 दिसंबर को एनएफएल कंपनी की यूरिया की रैक लगेगी।

नियमाें का उल्लंघन करने पर लाइसेंस किया निलंबित

हरदा किसान सहकारी विपणन संस्था मर्या. हरदा की निरीक्षक ने जांच की। संस्था द्वारा बेची खाद का कैश मेमो तय फार्म में नहीं दिया जा रहा था। खाद बेचने की रिपोर्ट भी नहीं दी यह नियमों का उल्लंघन है। निरीक्षक के प्रतिवेदन पर लाइसेंस निलंबित किया। एमपीएस चंद्रावत, उप संचालक कृषि, हरदा



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/harda/news/mp-news-flaws-found-in-investigation-license-of-kisan-marketing-marketing-society-suspended-13-thousand-metric-tons-of-fertilizer-will-come-from-6-racks-in-15-days-084633-6101814.html

No comments:

Post a Comment