नपा का सीएमओ कौन, इसे लेकर एक माह से चले आ रहे गतिरोध को राज्य शासन ने दूर कर दिया है। सोमवार को नपा में पहुंचे आदेश में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव उमेश कुमार सिंह ने स्थानांतरण आदेश को चुनौती देने वाले सीएमओ सतीश मटसेनिया का अभ्यावेदन निरस्त कर यह स्पष्ट किया है कि मटसेनिया का तबादला स्थानांतरण नियमों के तहत ही किया गया है। क्योंकि नियम की कंडिका 114 में यह स्पष्ट है कि कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर 3 साल के पहले भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जा सकता है। मटसेनिया के खिलाफ प्रेसिडेंट इन कौंसिल द्वारा पारित निर्णयों का पालन नहीं करने की शिकायत पर ही उनका तबादला भोपाल संचालनालय नगरीय प्रशासन विकास एवं आवास में किया गया है। शासन स्तर से मिले आदेश पर यह स्पष्ट हो गया है कि मटसेनिया के तबादले के बाद यहां ज्वाइन कर चुके अशफाक खान ही नपा के सीएमओ होंगे। गौरतलब है कि कोरोना लॉकडाउन के कारण शहर में 5 करोड़ के ऐसे विभिन्न विकास के काम हैं, जो ठेकेदारों से अनुबंध होने के बाद भी अटके हुए हैं। अनलॉक होने के बाद यह काम शुरू होने थे, मगर दो सीएमओ होने से मामला साइन अथॉरिटी में अटक गया। इस वजह से जून के दूसरे सप्ताह में ही आवास योजना के 400 से ज्यादा हितग्राहियों को आवास योजना की दूसरी किस्त का भुगतान भी रुक गया। वहीं खराब वाहनों की मरम्मत नहीं होने से शहर की सफाई व्यवस्था भी गड़बड़ा गई।
हाईकोर्ट के फैसले से उलझ गया था मामला
गौरतलब है कि यहां पदस्थ रहे सीएमओ सतीश मटसेनिया ने एक माह पूर्व भोपाल तबादला करने पर हाईकोर्ट इंदौर में याचिका दायर कर यह दावा किया था कि उन्हें नागदा में पदस्थ हुए 15 माह का समय ही हुआ है। नियमानुसार 3 साल पहले उनका स्थानांतरण नहीं किया जा सकता। इस याचिका पर हाईकोर्ट ने 11 जून को फैसला देते हुए माना था कि शासन ने मटसेनिया का तबादला नियमों के विपरीत किया है। इसलिए शासन 6 सप्ताह के भीतर मामले का निराकरण करें। हाईकोर्ट ने मटसेनिया को तीन दिन के भीतर अभ्यावेदन भी शासन को प्रस्तुत करने को कहा था। इसी अभ्यावेदन का जवाब देते हुए शासन ने बताया कि अगर किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत है तो 3 साल के पहले भी शासन ऐसे कर्मचारी का तबादला कर सकता है। चूंकि मटसेनिया के खिलाफ 6 जून 2020 को ही कार्य में लापरवाही की शिकायत मिल चुकी थी। इस आधार पर उनका तबादला नागदा से सहायक संचालक के पद पर संचालनालय भोपाल में पदस्थ किया गया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/nagda/news/development-work-will-start-housing-scheme-amount-will-also-be-received-127486592.html
No comments:
Post a Comment