कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने और जरूरतमंदों की मदद के लिए राजपुरा की स्वामी विवेकानंद गणेशोत्सव समिति ने सराहनीय निर्णय लिया है। समिति द्वारा इस साल भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी। 22 अगस्त से शुरू होने वाले गणेशोत्सव के तहत एकत्र होने वाले एक लाख रुपए से स्वास्थ्य संबंधी सामग्री खरीदी जाएगी। इसे जरूरतमंदों को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
गुरुवार को ज्ञानवर्धिनी सभागृह में समिति संरक्षक दिलीप श्राफ ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान भीड़ एकत्र होने पर संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। डब्ल्यूएचओ ने आने वाले समय के लिए चेतावनी जारी की है कि संक्रमण का भयावह काल आना बाकी है। इसलिए आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए इस बार गणेशोत्सव पर प्रतिमा स्थापना नहीं की जाएगी।
400 से ज्यादा जगह होती है स्थापना
महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिले में गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। शहर में 400 से ज्यादा स्थानों पर गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है। 10 हजार घरों में प्रतिमा विराजित की जाती है। 25 से ज्यादा सार्वजनिक प्रतिमाएं 15 फीट से भी ऊंची होती है। इनके दर्शन के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं। चल समारोह में 35 हजार से ज्यादा लोग जुटते हैं। स्थानीय कलाकारों द्वारा हर साल 2 हजार से ज्यादा प्रतिमाएं बेची जाती है।
नाम देंगे गणेश मेडिकल बैंक
अमोल भगत ने बताया गणेशोत्सव में हर साल एक लाख रुपए एकत्र होते हैं। इससे इस बार मेडिकल सामग्री खरीदेंगे। इसे गणेश मेडिकल बैंक नाम देंगे। समिति 10 वॉकर, 10 स्टीक, 5 बेड आदि सामग्री खरीदेगी। इसे जरूरतमंदों को नि:शुल्क देंगे। समिति से जुड़े युवा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाएंगे। आमजन को समझाइश दी जाएगी। शहर की अन्य गणेशोत्सव समितियों से भी चर्चा कर उन्हें समझाया जाएगा। ताकि संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए वे भी सहयोग करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/burhanpur/news/ganesh-statue-will-not-be-installed-will-buy-medical-supplies-127472925.html
No comments:
Post a Comment