जिले में कोरोना के दो दिन में 120 नए मरीज मिलने से जिला प्रशाासन और स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं। शनिवार को रिकॉर्ड 65 मरीज सामने आने के बाद इन मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में प्रशासन को 15 घंटे लग गए। रात 9.30 रिपाेर्ट आई लेकिन मरीजों को सात एंबुलेंस से रविवार दाेपहर 12 बजे तक अस्पताल पहुंचाया जा सका। रविवार को भी मरीजों को देर रात तक अस्पताल में शिफ्ट नहीं किया जा सका। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आनन-फानन में प्रशासन को महाराजपुरा में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर श्रमोदय स्कूल को 200 बिस्तर के अस्पताल में परिवर्तित करना पड़ा। यहां रह रहे चार मरीजों को जिला अस्पताल मुरार में बने आश्रय भवन में शिफ्ट कर दिया है। साथ ही जिला अस्पताल मुरार के आश्रय भवन को भी 20 बिस्तर का कोविड अस्पताल बनाने का निर्णय रविवार को ले लिया। इसी तरह एमपीसीटी कॉलेज के 100 बिस्तर के अस्पताल को क्वारेंटाइन सेंटर बना दिया गया है। जिले में पिछले पांच दिन में ही 193 मरीज सामने आए हैं।
सीएमएचओ डॉ. वीके गुप्ता ने बताया कि एमसीपीसी कॉलेज में 100 बिस्तर हैं यहां क्वारेंटाइन सेंटर बनाया जाएगा। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर आगे की रणनीति एक-दो दिन में बना ली जाएगी। रविवार तक जेएएच के 178 बिस्तर वाले सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 60, 36 बिस्तर वाले आयुर्वेद कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में 30 और 15 बिस्तर वाले बीआईएमआर हॉस्पिटल में 12 कोरोना पॉजिटिव भर्ती थे। साथ ही ईएसआई हॉस्पिटल और आईटीएम हॉस्पिटल में भी संक्रमितों को भर्ती किया जा रहा है।
कैथलैब का टैक्नीशियन, नर्स, वार्ड ब्वॉय और स्वीपर पॉजिटिव, दो और को बुखार
जेएएच के कार्डियोलॉजी विभाग में बीते रोज वार्ड ब्वाॅय और एक मरीज के दो अटेंडेंट पॉजिटिव आने के बाद दो दिन के लिए नए मरीजों की भर्ती रोक दी थी। मरीजों के दबाव को देखते हुए रविवार दोपहर ढाई बजे नए मरीजों की भर्ती शुरू कर दी गई थी, लेकिन शाम को कैथलैब का टेक्नीशियन दुर्गेश शर्मा, स्टाफ नर्स विशु थाॅमस, वार्ड ब्वॉय दीपक, स्वीपर अमन भी कोरोना होने की पुष्टि हो गई। कैथलैब के दो अन्य टैक्नीशियन ने भी बुखार आने की बात कही है। कार्डियोलॉजी के प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. राम रावत का कहना है कि विभाग मे अबतक आठ कोरोना पॉजिटिव निकल आए हैं। सोमवार को कैथलैब के स्टाफ का सैंपल कराया जाएगा।
संक्रमित कपड़ा और किराना व्यापारी केे संपर्क में आए 100 से अधिक लोग
निंबालकर की गोठ निवासी 44 वर्षीय जितेंद्र जैन की दही मंडी में कपड़े की दुकान है। बुधवार से बुखार आने के बाद वे दुकान पर नहीं गए हैं। उनके परिवार के 22 लोग हैं। इसके अलावा बुधवार से पहले उनके संपर्क में दही मंडी के अन्य व्यापारी व ग्राहक भी आए हैं। कोरोना संक्रमित थाटीपुर में रहने वाले स्टेट बैंक की भिंड शाखा के मैनेजर प्रमोद कुमार अहिरवार के संपर्क में भी करीब 180 लोग आए हैं। खल्लासीपुरा निवासी भारत राठौर की शुभम कॉम्प्लैक्स के पास किराने की दुकान है। उसे दो दिन से बुखार आ रहा है। वह भी जांच में पॉजिटिव आया है। जैन मंदिर के पास लोहिया बाजार में रहने वाले शंकरलाल स्क्रैप फैक्टरी में काम करते हैं। घर और फैक्टरी के करीब एक दर्जन लोगों के साथ-साथ आसपास की दुकानदार भी उनके संपर्क में आए हैं। इन लोगों के संपर्क में कौन- काैन आया है इसका पता करना प्रशासन के लिए चुनौती का काम है।
कंट्रोल रूम के चार पुलिसकर्मी और 14वीं बटालियन का सिपाही निकला पॉजिटिव
दो दिन पहले पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक राहुल शर्मा पॉजिटिव निकला था। यहां पदस्थ अन्य स्टाफ के सैंपल कराए गए। इनमें से दीपनिशा, रामकिशोर, मनोज और हरिपुरी पॉजिटिव पाए गए हैं। 14 बटालियन का आरक्षक सुदीप भी संक्रमित निकला है। सुदीप 30 जून को भिंड से लौटा था। इसके अलावा गोल पहाड़िया निवासी धनीराम, दानाओली निवासी जितेंद्र मिश्रा, समाधिया कॉलोनी निवासी शशि शर्मा, गुढ़ा निवासी वंश, सिकंदर कंपू निवासी भूपेश, लोहिया बाजार निवासी सूरज कुमार, घोसीपुरा निवासी भूपेंद्र जादौन, भारती भदौरिया, किलागेट निवासी विशाल राठौर, गंज किलागेट निवासी बलराम भूरिया,वार्ड 13 की उमा बाई सहित 55 पॉजिटिव आए हैं।
मुरैना में बारात में शामिल हुए थे सरकारी शिक्षक सहित 30 लोग
गुड़ागुड़ी का नाका निवासी ज्ञान सिंह राजपूत ऊदल पाड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिक्षक है। उनके भतीजे की मुरैना में 30 जून की शादी थी। इसमें उनके साथ जौरासी स्थित गांव के 30 लोग भी शामिल हुए थे। ज्ञान सिंह पॉजिटिव आए हैं। इसी तरह लोहिया बाजार में रहने वाले 48 वर्षीय राधाकिशन 5 दिन पहले मुरैना के एक व्यक्ति के संपर्क में आए थे। चार दिन से उन्हें बुखार आ रहा है। राधाकिशन के परिवार में 40 लोग हैं। उनकी मां और पत्नी को भी बुखार है। बेटी को गले में दर्द हो रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/120-karena-positive-in-two-days-administration-of-hands-and-feet-the-quarantine-center-which-took-15-hours-to-transport-the-patients-had-to-be-made-a-hospital-127482757.html
No comments:
Post a Comment