Thursday, December 5, 2019

विपक्ष के ऑटो सेक्टर में सुस्ती के आरोप पर भाजपा सांसद बोले-वाहन नहीं बिक रहे तो सड़क पर जाम कैसे

नई दिल्ली | लोकसभा में गुरुवार को विपक्ष ने फसल के नुकसान और इसका किसानों पर प्रभाव को लेकर बहस के दौरान ऑटो सेक्टर में मंदी का मामला उठाया। इस पर बलिया से भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश को बदनाम करने के लिए ऑटो क्षेत्र में मंदी और बिक्री कम होने की बातें की जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर ऑटो क्षेत्र में मंदी है तो एक-एक घर में कई गाड़ियां क्यों है। सड़क पर जाम क्यों लग रहा है? उधर, राज्यसभा में सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने उपभोक्ता व्यय में गिरावट के दावाें को खारिज कर दिया। एक पूरक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2018-19 में उपभोक्ता खर्च बढ़ा है। हालांकि इसमें बदलाव आया है, क्योंकि सरकार की योजनाओं के कारण शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को कम खर्च करना पड़ रहा है।



उन्होंने यह भी कहा कि सकल घरेलू उत्पाद के निर्धारण के लिए आधार वर्ष में परिवर्तन के संबंध में व्यक्त की जा रही आशंकाएं निराधार हैं। जीडीपी में बदलाव को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। राव सदन में कांग्रेस नेता जयराम रमेश के सवाल का जवाब दे रहे थे। रमेश ने आराेप लगाया था कि 40 साल में शहरी और ग्रामीण उपभोक्ता खपत में गिरावट आई है, यह बात सबको पता है। फिर सरकार खपत के आंकड़ों को लेकर गुमराह क्यों कर रही है।

सरकार ने कहा- हम नागरिकों की निजता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध

सरकार ने लोगों की जासूसी किए जाने की खबरों को भ्रामक बताया है। राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार लोगों की निजता के अधिकार समेत मौलिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सोशल मीडिया पर बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री हटाने का नियम

सरकार सोशल मीडिया कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म से बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री और आतंकवाद से जुड़े कंटेंट की पहचान कर उसे हटाने के लिए बाध्य करने के नियम तैयार कर लिए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राज्यसभा में बताया कि सरकार ने अंतरिम नियम 2011 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार करने के लिए लोगों से सार्वजनिक तौर पर प्रतिक्रिया मांगी थी।



उधर, महिला सशक्तिकरण पर संसद की स्थाई समिति ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर संसद के एनेक्सी भवन में फेसबुक समूह से चर्चा की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/dhar/news/mp-news-bjp-mps-said-on-the-charge-of-sluggishness-in-the-auto-sector-of-the-opposition-how-are-vehicles-jammed-on-the-road-082102-6109649.html

No comments:

Post a Comment