Thursday, December 19, 2019

अधूरी तैयारी से स्वच्छता अभियान में अंडर 100 की रैंकिंग पाने की जुगत में नपा, जनवरी में होना है सर्वेक्षण

नपा उपाध्यक्ष रामनरेश शर्मा के वार्ड में पक्की रोड पर कीचड़ फैला हुआ।

गंदगी की शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं

भास्कर संवाददाता | भिंड

शहर में स्वच्छता अभियान के तहत सर्वे के दौरान अच्छी रैंकिंग पाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य मार्गों पर जहां- जहां नगर पालिका के सफाईकर्मी सफाई करते नजर आ रहे हैं। लेकिन फिर भी शहर में गंदगी का अंबार है, जो नपा को दिखाई नहीं दे रहा है, जो लोग गंदगी से परेशान हैं और कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। उनकी शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका की सुस्त कार्यप्रणाली से इस बार शहर की रैंकिंग पिछड़ सकती है। वहीं नवंबर माह के अंत में नपा के अधिकारियों आैर जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान शुरू करते हुए हिस्सा लिया था। लेकिन यह उत्साह अब नजर नहीं आ रहा है।

गुरुवार को भास्कर टीम ने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की हकीकत जानने के लिए शहर के वार्डों का दौरा किया तो वहां के हालात देखकर लगता है कि शहर को स्वच्छता अभियान में इस बार अंडर 100 में आना मुश्किल होगा। क्योंकि स्वच्छता का सर्वे करने के लिए आने वाली टीम मुख्य मार्ग नहीं बल्कि वार्डों का भी दौरा करेगी ताकि शहर में सफाई की हकीकत उनके सामने आ सके।

वार्ड क्रमांक 2 की नवादा बाग कॉलोनी शहर का पॉश इलाका है। कॉलोनी में बने पार्क के चारों तरफ जलनिकासी के लिए नाला बना हुआ है। लेकिन काफी लंबे समय से सफाई नहीं होने से नाले का पानी ओवर होकर सड़क पर जमा हो रहा है। इसके अलावा वार्ड में नियमित कचरे का उठाव नहीं होने से जगह-जगह सड़कों के किनारे कचरे के ढेर लगे हुए हैं। स्थिति यह है कि स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद भी नपाधिकारियों को सरोकार नहीं है।

चार बिंदुओं पर टीम करेगी सर्वेक्षण, सिटीजन फीडबैक के मिलेंगे नंबर, इसमें भी हमारी हालत खराब

जीएफसी व ओडीएफ

निर्धारित अंक 1500: स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत अब शहरों को स्टार रेटिंग के हिसाब से परखा जाएगा। इसके तहत शहर को गारबेज फ्री बनाने यानी 5 स्टार सिटी के तौर पर डेवलप करने के प्लान पर काम होगा। शौच मुक्त की जानकारी ली जाएगी।

सर्विस लेवल प्रोग्रेस

निर्धारित अंक 1500: इसमें कचरा कलेक्शन की स्थिति, रोजाना कचरा उठाव की स्थिति, कंटेनर, पेड़ पौधों में पानी, सड़कों की सफाई सहित अन्य बिंदुओं का सर्वे किया जाएगा। उसी के आधार पर अंक दिए जाएंगे।

सिटीजन फीडबैक

निर्धारित अंक 1500: इसमें स्वच्छता सर्वेक्षण टीम शहर के किसी भी वार्ड में लोगों से सफाई व्यवस्था के संबंध में लोगों से अलग-अलग प्रश्न पूछेगी। लाेगों के जवाब के अाधार पर उसी आधार पर नंबर दिए जाएंगे।

डायरेक्ट आॅब्जर्वेशन

निर्धारित अंक 1500: स्वच्छता सर्वेक्षण टीम नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई व कचरा प्रबंधन को लेकर किए गए उपायों का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी, जिसमें ट्रेंचिंग ग्राउंड, घर-घर शौचालय, सुलभ कॉम्पलेक्स व खुले में शौच शामिल है।

उपाध्यक्ष के वार्ड में जलभराव की समस्या

वार्ड क्रमांक 38 से नगर पालिका उपाध्यक्ष रामनरेश शर्मा पार्षद हैं। उसके बाद भी वार्ड की कॉलोनी के लोग जलभराव और गंदगी से जूझ रहे हैं। इसके अलावा कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने के लिए नहीं आते हैं। वर्तमान में नालियों की सफाई नहीं होने से सड़क पर जलभराव है। ऐसे की हालात शहर की गणेश कॉलोनी, बरूआ नगर, वाटर वर्क्स, गोविंद नगर, सीता नगर, कबीर नगर, सुंदरपुरा आदि के हैं।

400 से 500 मीटर पर बनाते हैं कचरे के ढेर

सफाई कर्मचारियों द्वारा सड़क किनारे एक जगह कचरे को पहले एकत्रित कर देते हैं। इसके बाद 400 से 500 मीटर दूरी 8 से 10 बार छोटे-छोटे ढेर बना लेते हैं, फिर एक-एक कर जला देते हैं। जले हुए कचरे की राख सड़क पर ही छोड़ देते हैं जो सड़क पर उड़ती रहती है। वहीं पॉलीथिन, प्लास्टिक, रबड़ और कचरे में शामिल अन्य पदार्थों के जलने से उठने वाला जहरीला धुआं शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

फोटो खिंचवाने के तक सीमित रहा अभियान

पिछले एक वर्ष से शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार तो किया गया, लेकिन स्वच्छता अभियान को गति नहीं मिल पाई। स्वयंसेवी संगठनों ने भी योगदान दिया, लेकिन अभियान फोटो खिंचवाने तक ही सीमित रहा। नगर पालिका द्वारा इस ओर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। जिसका परिणाम है कि शहरी क्षेत्रों की भी गंदगी दूर नहीं हो पाई है।

120 अतिरिक्त कर्मचारी सफाई तब भी नहीं

स्वच्छता अभियान सर्वे में अच्छी रैंकिंग के लिए नगर पालिका ने 120 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की अस्थाई नियुक्ति की है। जिसके चलते स्थाई और अस्थाई सफाईकर्मियों की संख्या 600 के करीब पहुंच गई है। इन सभी कर्मचारियों की ड्यूटी वार्डों में सुबह और दोपहर शिफ्ट में लगाई गई है। सुबह के समय वार्डों में कुछ कर्मचारी दिखाई देते हैं। लेकिन दोपहर के समय वार्डों में सफाई करने के लिए कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं।

जनवरी में आएगी सर्वे टीम यही हाल रहा तो पिछड़ेंगे

स्वच्छता अभियान के तहत सर्वे के लिए दिल्ली से टीम 4 से 31 जनवरी के बीच शहर में आएगी। लेकिन नगर पालिका की सुस्त कार्यप्रणाली से इस बार शहर की रैंकिंग पिछड़ सकती है। वहीं अभियान के दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के द्वारा अंडर 100 आने का देखा गया सपना नहीं हो सकेगा। वहीं एचओ को ओडीएफ डबल प्लस के 300 अंक का सहारा है। यही हालत रही तो इस बार पिछड़ना तय है।

शहर खुदा हुआ है, हम कर भी क्या सकते हैं

शहर में इन दिनाें सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। जिसके चलते पूरा शहर खुदा हुआ है। ऐसे में हम कर भी क्या सकते हैं। इसके अलावा अभियान को ओर अधिक तेज किया जाएगा। साथ ही वार्डों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा। वैसे भिंड नपा को ओडीएफ डबल प्लस मिला है। जिससे रैंकिंग में 300 अतिरिक्त अंक तो निश्चित मिलेंगे। दीपेंद्र सिंह सेंगर, एचओ नपा

शहर की पॉश कॉलोनी नवादा बाग में नाले की सफाई नहीं होने से रोड पर भरा पानी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bhind News - mp news survey to be held in january to get ranking of under 100 in cleanliness campaign due to incomplete preparation
Bhind News - mp news survey to be held in january to get ranking of under 100 in cleanliness campaign due to incomplete preparation


source https://www.bhaskar.com/mp/bhind/news/mp-news-survey-to-be-held-in-january-to-get-ranking-of-under-100-in-cleanliness-campaign-due-to-incomplete-preparation-072622-6219497.html

No comments:

Post a Comment