हवा के निम्न दाब का क्षेत्र बनने से उपनगरीय क्षेत्रों में शनिवार को भी रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। बारिश की वजह से लगभग हर जगह नदी-नाले उफान पर हैं। कुछ जगह पेड़ व मकान धराशायी हुए हैं। पाटन में मकान गिरने से एक प्रौढ़ की मौत हो गई। परियट नदी के उफान पर आ जाने की वजह से बेलखाडू से पनागर जाने वाला मार्ग बंद है। बताया गया है कि यहां बघौड़ा पुल के ऊपर करीब 20 फीट पानी है। बारिश व बाढ़ की वजह से अन्य कई स्थानों पर भी आवागमन अवरुद्ध रहा। नगरीय क्षेत्रों में कई जगह पानी के भराव की समस्या बनी, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश को धान की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है।
बेलखाड़ू: चार दिन से बंद है पनागर मार्ग
बेलखाड़ू। बारिश के चलते पिछले चार दिनों से बेलखाड़ू-पनागर मार्ग बंद है। शनिवार को बेलखाड़ू-पनागर मार्ग पर बघोड़ा के पास परियट नदी पर बने पुल पर 20 फीट पानी आ गया है। इससे अवागमन पूरी तरह बंद है। आधा दर्जन से अधिक ग्रामों का बेलखाड़ू से संपर्क टूट गया है।
बरेला: बारिश से भरभराकर गिरा मकान
बरेला। दो दिन से जारी लगातार बारिश के चलते वार्ड नंबर 6 में एक मकान धराशायी हो गया। पीडि़ता घसीटी बाई साहू ने बताया कि उसके खपरैल घर के बाजू से नाला निकला है। बारिश के दौरान नाले की सीपेज से उसके मकान की दीवार कमजोर हो गई। जो अनानक से धराशायी हो गई।
जान जोखिम में डालकर कर रहे पुल से सफर
पाटन तहसील मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर स्थिति छत्तरपुर-मढ़ पिपरिया के बीच बने पुल पर पानी आ गया। पुल पर पानी होने के बाद भी लोग बाइक सहित सफर कर रहे हैं। जान जोखिम में डालकर लोग नाला पार कर रहे हैं। कभी भी बड़ी घटना हो सकती है, इसके बाद भी मौके पर कोई भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इसी तरह साहू मोहल्ले में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि वार्ड में सफाई तक नहीं होती। बारिश के चलते चारों तरफ कचरा फैल रहा है, इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
पाटन: प्रौढ़ के ऊपर आ गिरा मकान का मलबा
पाटन तहसील अंतर्गत धनेटा गांव में बारिश के दौरान मकान गिरने से एक प्रौढ़ की दबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह तेज बारिश हो रही थी। इस दौरान धनेटा गांव निवासी गनपत सिंह उम्र 43 वर्ष अपने मकान में था। सुबह 9 बजे अचाकन मकान भरभराकर गिरा। जिसके मलबे में गनपत सिंह दब गया। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए भेजा। पाटन स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तहसीलदार प्रमोद चतुर्वेदी ने पीडि़त परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायदा दी है। इसी तरह पाटन के चापोद ग्राम में भी बारिश के दौरान एक मकान गिर गया। हादसे के दौरान कोई भी घर पर मौजूद नहीं था, इससे जनहानि नहीं हुई। घर में रखा गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/trees-and-houses-fell-on-river-rivulets-one-dead-127667097.html
No comments:
Post a Comment