60 बिस्तर के सिविल अस्पताल को 100 बिस्तर का बनाए जाने की कवायद अब शुरू हो गई है। परिसर में बनाई जाने वाली नवीन इमारत के लिए स्टाफ के लिए बनाए गए क्वार्टरों को तोड़ने के उन्हें खाली कराया जा रहा है। जो कर्मचारी क्वार्टर खाली नहीं कर रहे हैं उनके बिजली कनेक्शन काटने के लिए बिजली कंपनी सेे कहा गया है। सात दिन में जमीन को समतल कर काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
उपचुनाव के चलते लगने वाली आचार संहिता लगने से पहलीे इसका काम शुरु कराया जाना है। एसडीएम राघवेंद्र पांडेय के अनुसार दस सितंबर के करीब इसका शिलान्यास हो सकता है, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह शामिल हो सकते हैं, हालांकि अभी इस बात का लेकर किसी आधिकारिक आदेश न आने की बात कही जा रही है।
दरअसल शहर में स्थित सिविल अस्पताल में शहर के ही नहीं आसपास के करीब डेढ़ सौ से ज्यादा गांव के मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं। जिसके चलते लंबे समय से इसे सौ बिस्तर का बनाए जाने की कवायद चल रही थी। जिसके चलते सरकार द्वारा 6 करोड़ की लागत से इसकी नवीन इमारत बनवाई जा रही है। इसका ले आउट और डीपीआर भी तैयार हो चुकी है। आचार संहिता से पहले इसका काम शुरू कराने की अधिकारियों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अस्पताल परिसर में बने स्टाफ के सरकारी क्वार्टरों को खाली कराया जा रहा है। इसके लिए नोटिस भी दिए जा चुके हैं।
इमारत बनने के बाद बढ़ाई जाएगी स्टाफ की संख्या
सिविल अस्पताल के 100 बिस्तर के लिए पहले इमारत का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद इसमें स्टाफ को बढ़ाया जाएगा। हालांकि अभी जो स्टाफ मौजूद है वह साठ बिस्तर के अस्पताल के हिसाब से काफी कम है। वर्तमान में यहां अभी केवल सात डॉक्टर ही पदस्थ है। जबकि करीब चौदह डॉक्टर पदस्थ होना चाहिए। जिसमें स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी होना चाहिए। इसके अलावा आईसीयू वार्ड को शुरु कराया जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन के पास पहले से ही मशीनें उपलब्ध है। लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टर न होने से इनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। आईसीयू वार्ड चालू होने से गंभीर मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
पहले टंचिंग ग्राउंड की जमीन को किया गया था चिह्नित
अस्पताल की नवीन इमारत के लिए पहले झांसी रोड पर टंचिंग ग्राउंड की जमीन को चिह्नित किया गया था। लेकिन यहां पर जगह कम होने के चलते इसे निरस्त कर अब अस्पताल परिसर में पीछे बने सरकारी क्वार्टरों को तोड़कर उसकी जगह पर तीन मंजिला इमारत बनवाई जाएगी। छह महीने में इमारत का काम पूरा किया जाना है।
कर्मचारियों के क्वार्टरों के काटे जाएंगे बिजली के कनेक्शन
अस्पताल परिसर में रह रहे कर्मचारियों को क्वार्टर खाली कराने के लिए दो बार नोटिस दिए जा चुके हैं । लेकिन अभी भी कुछ कर्मचारी क्वार्टर खाली नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते अब बिजली कंपनी के अधिकारियों को इन क्वार्टरों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए कहा गया है। सात दिन के भीतर परिसर के समतल कर काम भी शुरु कराया जाना है। संभावित 10 सितंबर को इसका भूमिपूजन किया जाना जाना है।
शिलान्यास हो सकता है
सिविल अस्पताल परिसर में बनाए जाने वाले 100 बिस्तरीय अस्पताल के लिए सितंबर में आचार संहिता लगने से पहले शिलान्यास हो सकता है। शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आने की संभावना है।हांलाकि अभी आदेश नहीं आया है। राघवेंद्र पांडेय,एसडीएम,डबरा
नोटिस जारी किए जा चुके हैं
सिविल अस्पताल परिसर में जहां क्वार्टर बने हुए हैं वहां 100 बिस्तर के अस्पताल का निर्माण किया जाना है। क्वार्टर खाली कराने के लिए नोटिस दिए जा चुके हैं, साथ ही बिजली कनेक्शन काटे जान के लिए बिजली कंपनी को भी पत्र लिखा जा चुका है। डॉ. सुरेंद्र सिंह सोलंकी, बीएमओ, सिविल अस्पताल डबरा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/dabra/news/100-bed-hospital-building-to-be-built-by-breaking-residential-quarters-notice-to-employees-127668254.html
No comments:
Post a Comment