Friday, August 28, 2020

बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से बन रहीं अवैध कॉलोनियाँ, खरीददार हो रहे परेशान

शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में कृषि भूमि में प्लॉट की कटिंग करने वालों की बाढ़ आ गई है। वहीं प्लॉट खरीदने वालों को तरह-तरह का लालच देकर तथाकथित बिल्डर मनमानी राशि वसूल रहे हैं और सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं कर रहे हैं। ऐसी ही शिकायत जमीन की जंग, भास्कर के संग में लगातार आ रही है। प्लॉटधारी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। तो वहीं जिम्मेदार विभाग पूरी तरह अनदेखी करने में लगा हुआ है।
इन क्षेत्रों से आ रही शिकायत| जमीन की जंग, भास्कर के संग में बरेला, कटंगी बायपास, पाटन बायपास, करमेता, विजय नगर, लम्ती, गोसलपुर, बरगी रोड, चरगवाँ रोड, तिलवारा, संजीवनी नगर, गंगा नगर, चंदन कॉलोनी, तिलहरी, बिलहरी, अधारताल, महाराजपुर, गौर सहित अनेक स्थानों पर टीएनसीपी पास कराए बिना प्लॉटों की कटिंग कर दी गई।
ये पीड़ित भटक रहे
प्लॉटधारियों का आरोप है कि बिल्डर मनीष पटैल ने बिना टीएनसीपी पास कराए गढ़ा पुरवा में खसरा नंबर 128 व 209 में सैकड़ों लोगों को प्लॉट बेच दिया। वहाँ पर न तो विद्युत लाइन खींची गई है और न ही नाली व रोड का निर्माण कराया गया है। मुरुम वाली रोड है जो बारिश में परेशानी का सबब बन रही है। हालत तो यह है कि वहाँ पर मकान बनाने वाले परेशान हैं।

कॉलोनी सेल सवालों के घेरे में, नहीं हो रही कार्रवाई
नगर निगम में कॉलोनी सेल स्थापित है और जिम्मेदार अधिकारियों को काम सौंपा गया है कि वे शहर में धड़ल्ले से बनाई जा रहीं अवैध कॉलोनियों पर पूरी तरह से लगाम लगाएँ। नगर निगम के अफसर भी कॉलोनी सेल पर बैठकर कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। नगर निगम एफआईआर कराने तक ही सीमित होकर रह गया। जिससे आम लोग भटक रहे हैं।

दूसरा बिल्डर भी पहुँचा प्लॉट काटने
अपनी शिकायत में मनीष कुमार गोल्हानी, जुगल किशोर तिवारी, सुनील कुमार जैन, गनेश बाथरे, राजेश उइके, सुनील दत्त द्विवेदी, सुनील कुमार जैन, श्रवण कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि मनीष पटैल ने हम लोगों की रजिस्ट्रियाँ कराईं और उसके बाद अचानक दूसरा बिल्डर रामेन्द्र दुबे वहीं पर प्लॉट काटने आ गया। इस पर हम लोगों ने जमीन की जंग, भास्कर के संग में शिकायत की है।
^अवैध कॉलोनी बनाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। बिना टीएनसीपी पास कराए प्लॉट काटने वालों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया भी कराई जाएगी। जिनके विरुद्ध मामला दर्ज है उनके विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
-अमित कुमार, एएसपी शहर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/illegal-colonies-being-built-indiscriminately-without-passing-the-map-buyers-are-getting-worried-127663909.html

No comments:

Post a Comment