नगरीय निकाय चुनाव के लिए प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। हालांकि कोरोना संक्रमण के बीच आने वाले कुछ महीनों में चुनाव होना संभव नहीं है लेकिन नगरीय क्षेत्र में मतदाता सूची को अपडेट करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए गुरुवार को स्टेंडिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची सुधार की जानकारी दी गई।
अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो ने बताया नगरी क्षेत्रों में 9 जुलाई तक मतदाता सूची अपडेट का काम चलने वाला है। इसमें हर मतदान केंद्र पर बीएलओ पूरे समय बैठकर नए मतदान कार्ड, इसमें सुधार और निरस्त करने के लिए आवेदन लेंगे। राजनीतिक दल के प्रतिनिधि मतदाता सूची को लेकर आपत्ति और नए नाम जोड़ने के लिए बीएलओ का सहयोग कर सकते हैं। कई वार्डों में मतदाता सूची को लेकर पहले आपत्तियां आई हैं, अब उनमें सुधार कराया जा सकता है। इसके साथ ही कलेक्टोरेट कार्यालय में रखी गई ईवीएम मशीनों की जांच भी शुरू हो गई है। गुरुवार दोपहर ईवीएम मशीनों की ऑनलाइन जांच की गई। इनकी नंबरिंग करने सहित अन्य जानकारी अपडेट की गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर शैली कनास, एसडीएम काशीराम बड़ोले, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे, अमर यादव और निगमायुक्त भगवानदास भुमरकर भी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/burhanpur/news/list-starts-in-urban-body-political-party-representatives-informed-about-reforms-127472941.html
No comments:
Post a Comment