इंदौर .जीतू सोनी के होटल माय होम के साथ ही ओ टू और होटल बेस्ट वेस्टर्न को नगर निगम ने जांच के बाद अवैध निर्माण के मामले में चार नोटिस जारी किए हैं। उसे इसका जवाब बुधवार शाम तक देना है। इसके बाद निगम कार्रवाई कर सकता है। हालांकि नोटिस को लेकर सोनी के वकील हाई कोर्ट पहुंच गए, पर कोई राहत नहीं मिली। जीतू व पुत्र अमित पर इससे पहले आईटी एक्ट, मानव तस्करी, लूट, आर्म्स एक्ट, प्रतिबंधात्मक धारा के तहत केस दर्ज हो चुके हैं। मंगलवार को ये छठा केस दर्ज हुआ है।
हालांकि इसमें अमित आरोपी नहीं है। लक्की और भतीजे विक्की पर शासकीय कार्य में बाधा का केस भी दर्ज है। एसएसपी के पास तीन और शिकायतें आई हैं। एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने सोनी और उसके बेटे लक्की और भतीजे विक्की की तलाश के लिए 10 टीमें बनाई हैं।
एसपी मो. यूसुफ कुरैशी के निर्देशन में एएसपी प्रशांत चौबे और महू एएसपी धर्मराज सिंह मीणा को कमान सौंपी है। 6 स्थानीय स्तर पर पड़ताल कर रही हैं, जबकि चार टीमों को मुंबई, गुजरात रवाना किया है। जीतू पर एमआईजी और पलासिया पुलिस ने 10-10 हजार का इनाम घोषित किया है। वहीं, मंगलवार रात कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव और एसएसपी होटल माय होम पहुंची। वे रेस्क्यू की गई 67 में से 4 लड़कियों को साथ लेकर आए।
हार्ड डिस्क हैदराबाद भेजने के आदेश : जीतू सोनी द्वारा हाई कोर्ट में सौंपी हनी ट्रैप के ऑडियो-वीडियो वाली हार्ड डिस्क की जांच सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी हैदराबाद में होगी। सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई के बाद मंगलवार को हाई कोर्ट जस्टिस एससी शर्मा और जस्टिस शैलेंद्र शुक्ला ने आदेश जारी कर दिए। इसमें कहा है हार्ड डिस्क बंद लिफाफे में एसएसपी को दी थी। वह अब इसे सीलबंद ही हैदराबाद लैब जांच के लिए भेज दें। उधर, एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के चलते सील किया गया लोकस्वामी अखबार का दफ्तर बुधवार सुबह खोल दिया जाएगा और पत्रकार व कर्मचारी वहां काम कर सकेंगे।
भास्कर से बोलीं युवतियां- गैस खत्म हो जाती तो भूखी सोती थीं
भास्कर को युवतियों ने बताया एक कमरे में बहुत बुरे हाल में रहते थे। कमरे में 10 लड़कियों के बीच एक बाथरूम था। एक चली जाती तो बाकी कतार लगाकर इंतजार करतीं। यही हाल खाना बनाते वक्त भी होता। एक गैस पर एक-एक करके सब अपना खाना बनाती, तब तक बाकी को इंतजार करना पड़ता था। गैस खत्म हो जाती तो उस दिन भूखे ही सो जाते थे, पर होटल से कभी खाना नहीं मिलता था।
लड़कियों को रखता था बंधुआ मजदूर जैसा, खुद का कमरा आलीशान
माय होम का नोटिस जीतू सोनी व उसके भाई महेंद्र को दिया है। नक्शे में बेसमेंट में जहां 8.80 बाय 9 मीटर के हिस्से में पार्किंग होना थी, वहां हॉल बना दिया। मैजनाइन फ्लोर पर 7 बाय 12 मीटर का हॉल अवैध बना है, जबकि ऊपरी तल पर 9 बाय 8.60 मीटर के हिस्से में चार कमरे अवैध बने हैं।
माय होम से युवतियों को रखने संबंधी स्टाम्प बरामद हुए। युवतियों ने सीएसपी को बताया कि हम बंधुआ मजदूर की तरह रहती थीं। एजेंट के जरिए आने के बाद स्टाम्प पर साइन करवाते, जिसमें लिखा होता कि हम मर्जी से आई हैं। हमें बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से के कमरों में रखते थे।
मैनेजर से नाराज होकर बोलीं एसएसपी- कभी तुम्हारी बेटी को इस हाल में रहना पड़े तो क्या होगा?
माय होम होटल में गंदगी और लड़कियों के कमरे देखने के बाद एसएसपी नाराज हो गईं। उन्होंने होटल के मैनेजर जे वरदाप्रसाद राव को बुलाकर पूछा यहां सब कैसा है तो उसने जवाब दिया सब अच्छा है मैडम। इस पर मिश्र ने डांटते हुए कहा कि इतने बुरे हाल में लड़कियों को रखते थे, शर्म नहीं आती। तुम्हारी बेटी को ऐसी हालत में रहना पड़े तो क्या होगा? होटल में ढेरों कॉकरोच और कीड़े घूमते मिले, जिनके बीच ये खाना भी बनाती थीं। जगह कम हुई तो लड़कियों के लिए सीढ़ी पर भी पार्टिशन कर पलंग लगा दिए। युवतियों ने अफसरों को बताया कि बॉस जैसा आदेश देते थे, हम वही करती थीं। लड़कियों के कमरे में बदबू और गंदगी से कई अफसरों को घबराहट होने लगी और वे नीचे उतर आए।
होटल बेस्ट वेस्टर्न : पार्किंग की जगह ऑफिस, कैफेटेरिया
होटल के अगले हिस्से का प्लॉट नं. 31/1 साउथ तुकोगंज है और इसका नोटिस होराइजन लीजर होटल के नाम से डायरेक्टर निखिल कोठारी और अन्य को दिया है। इस हिस्से में बेसमेंट में पार्किंग के स्थान पर 351 वर्गमीटर में दफ्तर, दूसरे बेसमेंट के आधे हिस्से में कैफेटेरिया और स्टोरेज, ग्राउंड फ्लोर पर ओटीएस में 34 वर्गमीटर कवर कर अवैध रिसेप्शन बनाया है। साउथ वेस्ट में एमओएस पर कमरा बना है तो पहली मंजिल पर अवैध स्मोकिंग रूम, गैलरी के स्थान पर कवर एरिया और एफएआर का भी गलत इस्तेमाल होना मिला। दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं मंजिल में बालकनी को कवर कर लिया। टॉप फ्लोर भी स्वीकृत ऊंचाई से ज्यादा में है। पिछले हिस्से का प्लॉट होराइजन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर सुरभि कोठारी के नाम है। आवासीय प्लॉट पर होटल है। पार्किंग के लिए 86.14 वर्गमीटर जगह छोड़ी, बाकी में होटल चलता मिला।
ओ टू : आवासीय उपयोग के प्लॉट पर है होटल
नगर निगम की जांच में सामने आया कि न्यू पलासिया में संचालित होटल ओ टू में भी कई तरह की अनियमितताएं हुई हैं। निगम ने इसको लेकर जगजीवन पिता देसाभाई और अन्य के नाम से नोटिस जारी किया है। यहां नक्शे में आवासीय भवन मंजूर था। ग्राउंड फ्लोर पर 3.35 मीटर में गैरेज बनाया और एमओएस भी कवर कर लिया। पहली मंजिल पर भी एमओएस कवर मिला। दूसरी मंजिल पर छत को ज्यादा बड़ा बनाया, जिससे नक्शे से ऊंचा निर्माण हो गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/parking-hall-at-hotel-my-home-four-illegal-rooms-on-the-upper-floors-notice-of-illegal-construction-in-best-western-o2-too-126200347.html
No comments:
Post a Comment