Tuesday, November 19, 2019

एसके इंडस्ट्रीज की जैली व पारस फूड के दूध का सैंपल फेल

मालनपुर की एसके इंडस्ट्रीज की जैली और पारस फूड के दूध के सैंपल जांच में अमानक पाए गए हैं। इसके अलावा जिले में अन्य स्थानों से लिए गए दूध और मावा के सैंपल भी अमानक निकले हैं। पाम आॅयल, हाइड्रोजन पराॅक्साइड के सैंपल अपद्रव्य और मैंगो व लीची जूस मिथ्या छाप पाए गए हैं। अब इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग प्रकरण बनाकर न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहा है।

बता दें 18 जुलाई के बाद से अब तक जिले में खानपान की सामग्री के कुल 175 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से सिर्फ 47 की रिपोर्ट मिली है। 47 में से 29 सैंपल फेल हुए हैं जिसमें 19 अमानक, 4 असुरक्षित, 2 मिथ्या छाप और 4 अपद्रव्य श्रेणी के पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया जांच रिपोर्ट के आने के महीने भर बाद मामले न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस बीच अगर कोई कारोबारी पुन: जांच के लिए आवेदन करता है तो सैंपल जांच के लिए केंद्रीय लैब मैसूर भिजवाए जाएंगे।

मेहगांव व भिंड की डेयरी का दूध भी मिलावटी

मेहगांव में मौ रोड स्थित अनुष्का डेयरी से दूध के लिए गए दो नमूने अमानक पाए गए जबकि पाम आॅयल व हाइड्रोजन परॉक्साइड अपद्रव्य पाया गया। गोहद में अनिल कुशवाह के यहां से लिए दूध व दही के सैंपल भी अमानक निकले हैं। इसी प्रकार भिंड में आईटीआई रोड के निकट की हरीओम डेयरी व गणेश आइस फैक्टरी से लिए दूध के दोनों सैंपल अमानक पाए गए। प्रतापपुरा में रामवीर डेयरी से लिया गया मावा भी अमानक निकला है।

मालनपुर औद्याेगिक क्षेत्र में भी हो रही मिलावटखोरी

मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में जयनारायण बघेल की डेयरी से लिया गया पनीर का सैंपल अमानक पाया गया है। एसके इंडस्ट्रीज से दूध के अलावा मेंगो पल्स और लीची जूस के सैंपल मिथ्या छाप पाए गए। इनमें गुणवत्ता की कमी पाई गई है। दूध, घी, मावा आदि खानपान सामग्री में अमानकता से तात्पर्य यह होता है कि जितनी मात्रा में आवश्यक तत्व पाए जाने चाहिए, वह उपलब्ध नहीं होते, यानी मिलावट की गई है।

अकोड़ा में आयल मिल से लिया तेल का सैंपल

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा अभिहित अधिकारी एवं लहार एसडीएम ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में अकोड़ा में पिछले दिनों सील किए गए इंदल आयल मिल से तेल का सैंपल लिया गया। एसडीएम सिंह ने बताया मिलावटखोरों के विरुद्ध सतत रूप से अभियान चलाया जा रहा है और कार्रवाई की जा रही है। मिलावटखोरी करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान बेहद जरूरी भी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/bhind/news/mp-news-samples-of-jelly-and-paras-food-milk-of-sk-industries-fail-063200-5980796.html

No comments:

Post a Comment