Saturday, August 22, 2020

अधूरी बनी नर्मदा रोड को नए सिरे से बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं, ऊँची-नीची सड़क के कारण आए दिन हो रहे हादसे

नर्मदा रोड पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग आवाजाही करते हैं, लेकिन आधी-अधूरी और ऊँची-नीची बनी सड़क के कारण यहाँ लगातार हादसे हो रहे हैं। कुंभ के कारण सड़क को बनाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन कम राशि और जल्दबाजी के कारण केवल एक लेने को ही बनाया गया और बाकी सड़क को उसके हाल पर छोड़ दिया गया। अब स्थिति यह है कि जैसे ही कोई वाहन चालक लेन बदलता है तो सड़क की ऊँचाई के कारण वाहन बहक जाता है और इससे हादसा हो जाता है। ऐसा लम्बे समय तक चलेगा क्योंकि नगर गिनम के पास इन दिनों अपने कर्मचारियों को बाँटने के लिए वेतन के पैसे नहीं हैं तो फिर सड़क के लिए राशि कहाँ से आएगी। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी सड़क को बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
नर्मदा पूरे शहर की आस्था का केन्द्र है और यही कारण है कि ग्वारीघाट तक रोजाना हजारों की संख्या में लोग जाते हैं। इसके साथ ही ग्वारीघाट तक आवासीय क्षेत्र बढ़ गया है जिससे रहवासी भी बढ़ गए हैं, इन सभी का आवागमन नर्मदा रोड से ही होता है, जिससे इस सड़क को चलने लायक रखना नगर निगम का दायित्व बनता है। फरवरी माह में नर्मदा कुंभ का आयोजन किया गया था, तब प्रदेश शासन द्वारा सड़क बनाने का निर्णय लिया गया और आनन-फानन में डामरीकरण कराया गया। उस समय यह कहा गया कि फिलहाल सड़क की एक ही लेन बनाई जा रही है और कुंभ का आयोजन होने के बाद बाकी की सड़क भी बना दी जाएगी। लोगों को भरोसा था लेकिन निगम ने ऐसा नहीं किया। अब हालत यह है कि अधूरी सड़क लोगों को परेशान कर रही है।
बारिश में फिसल रहे वाहन| करीब 6 इंच तक ऊँची सड़क से जैसे ही कोई वाहन दूसरी लेन में जाता है तो बारिश के पानी के कारण फिसलन रहती है, जिससे वाहन फिसल रहे हैं और इससे दुर्घटनाएँ हो रही हैं। अब तक ऐसे कई हादसे हो चुके हैं जिससे अब लोग इस सड़क पर चलने में डरने लगे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को तो बड़ी परेशानी होती है क्योंकि छोटे वाहन अचानक बहक जाते हैं।
अभी कोई योजना नहीं| निगम अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम के पास फिलहाल राशि की बहुत कमी है, इसलिए किसी भी नई सड़क का कोई प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया है। पिछले कामों का ही भुगतान नहीं हो पाया है, इसलिए बारिश के बाद भी केवल वही सड़कें बन सकेंगी जिनका टेंडर जारी हो चुका है और वर्क ऑर्डर भी दे दिया गया है, लेकिन उन कामों का भुगतान कब होगा यह कोई नहीं कह सकता इसलिए ठेकेदार काम करेंगे कि नहीं यह भी तय नहीं है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
There is no proposal to make Narmada Road an incomplete, the days of accidents due to high road


source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/there-is-no-proposal-to-make-narmada-road-an-incomplete-the-days-of-accidents-due-to-high-road-127643251.html

No comments:

Post a Comment