शहर के गंज क्षेत्र से शनिवार रात साढ़े 10 बजे पेट्रोल पंप के सामने खड़ा ट्रक अज्ञात आरोपी ने चोरी कर लिया। पुलिस ने रात में जिले सहित सीमावर्ती थानों में ट्रक चोरी होने की सूचना दी। रात करीब डेढ़ बजे पथरोटा (इटारसी) पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। आरोपी को ट्रक का पीछा करने की भनक लगते ही वह ट्रक नागपुर-भोपाल हाईवे पर छोड़कर भाग गया। पथरोटा पुलिस ने गंज पुलिस को ट्रक सौंप दिया। गंज पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बैतूल निवासी कृष्णकांत पिता सुरेशचंद्र तिवारी का दस चका ट्रक शनिवार रात साढ़े नाै बजे ड्राइवर गंज के अग्रवाल पेट्रोल पंप के सामने खड़ा करके भोजन करने चला गया। एक घंटे बाद जब वह लौटा तो ट्रक वहां नहीं था। ड्राइवर ने इसकी सूचना ट्रक मालिक को दी। ट्रक मालिक ने गंज पुलिस को साढ़े 10 बजे सूचना दी। सूचना पर गंज पुलिस ने समीप के थानों को सूचित किया। गंज टीआई सुरेश सोलंकी ने बताया शहर के आसपास पड़ने वाले थानों के अलावा होशंगाबाद, इटारसी, छिंदवाड़ा सहित अन्य थानों में भी इसकी सूचना दी। रात डेढ़ बजे पथरोटा पुलिस को ट्रक हाईवे पर दिखाई दिया। पथरोटा पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। आरोपी को पुलिस का पीछा करने की जानकारी लगते ही वह ट्रक हाईवे पर छोड़कर भाग गया। टीआई ने बताया ट्रक को बैतूल ले आए हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। ट्रक की कीमत 19 लाख रुपए है।
पहले कपड़े से पोछा पसीना, फिर डुप्लीकेट चाबी से ट्रक किया स्टार्ट : ट्रक चोरी की वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। आरोपी ने अपनी शर्ट उतारकर पहले उससे पसीना, पोछा फिर सबके सामने ट्रक में सवार होकर चोरी कर लिया। टीआई सुरेश सोलंकी ने बताया सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
बैटरी और बिजली केबल चोर भी पकड़ाएं : गंज पुलिस ने ट्रक की दो बैटरी तथा बिजली का केबल चोरी करने वाले आरोपियों को भी पकड़ा। गंज टीआई सुरेश सोलंकी ने बताया खापाखतेड़ा निवासी दीपक पिता सूरजा बंगाली के ट्रक से 22 अगस्त की रात को दो बैटरी चोरी हो गई थीं। इस चोरी के मामले में पुलिस ने मोइन कुरैशी तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार कर बैटरी बरामद कर ली है। बैटरी की कीमत 25 हजार रुपए है। वहीं पुलिस ने गंज की इलेक्ट्राॅनिक्स दुकान से चोरी गए 15 किलो बिजली के केबल चोरी करने के मामले में ओझाढाना निवासी कद्दू पिता कैलाश कुचबंदिया को गिरफ्तार किया है। उसके पास से केबल वायर भी जब्त किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/betul/news/truck-stolen-in-front-of-ganj-petrol-pump-police-caught-chasing-accused-absconding-127646443.html
No comments:
Post a Comment