Sunday, August 23, 2020

बेतवा-यमुना से गुजरने वाली पेट्रोलियम लाइन का काम 15 सितंबर से होगा शुरू

मप्र की प्रमुख नदी बेतवा व देश की नामचीन नदी यमुना से गुजरने वाली बीना-पनकी(कानपुर) पाइपलाइन काे बिछाने का काम 15 सितंबर से शुरू हाे रहा है। जबकि 1 सितंबर से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। करीब 339 किमी लंबी इस पाइप लाइन को भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन बिछा रहा है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में इस पाइपलाइन के रास्ते में आने वाले भूमि-स्वामियों को नोटिस देकर इस संबंध में सूचना दी है। संबंधित किसान व अन्य को बताया गया है कि यह पाइपलाइन जमीन में करीब डेढ़ मीटर की गहराई गुजरेगी। सतह के समतल होने के बाद भूमि स्वामी उसका खेती, किसानी या अन्य परंपरागत कामों में उपयोग कर सकेंगे। बीना में ये पाइपलाइन करीब 18 किमी से निकलेगी।

बीपीसीएल करता है प्रोडक्टस की सप्लाई
भारत ओमान रिफाइनरीज लिमिटेड में शोधन के बाद तैयार होने वाले पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई व बिक्री के संपूर्ण अधिकार भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड को दिए गए हैं। देश के उत्तरी हिस्सों में इस रिफायनरी के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए बीपीसीएल यह लाइन बीना से कानपुर तक बिछा रहा है।

जानकारी के अनसुार पाइप लाइन के लिए प्रस्ताव 2011 में तैयार किया गया था। 5 साल तक इस लाइन के लिए जमीनी सर्वे कर भारत सरकार को रिपोर्ट भेजी गई थी। एक साल 2017 में केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए स्वीकृति दे दी। यह पाइप लाइन आगासौद स्थित भारत डिस्पेच टर्मिनल से पनकी (कानपुर) उत्तरप्रदेश तक बिछेगी। तकनीकी रूप से ये लाइन मप्र के दो जिले सागर, टीकमगढ़ से हाेकर उत्तरप्रदेश के झांसी, जालौन व कानपुर जिले तक बिछेगी।

बीओआरएल की यह तीसरी पाइपलाइन कनेक्टिंग होगी
बीपीसीएल की इस पाइपलाइन के प्रोजेक्ट लीडर नीरज जैन का कहना है कि हमारा एमपी-यूपी के विभिन्न जिलों में पाइपलाइन संबंधी फील्ड वर्क चल रहा है। ललितपुर और झांसी के कुछ हिस्सों में लाइन बिछा दी गई है। जैन के अनुसार बीओआरएल से कनेक्ट होने वाली ये तीसरी पाइपलाइन होगी। इसके पूर्व कच्चे तेल के लिए गुजरात के वाडीनार से करीब 935 किमी लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। जबकि तैयार प्रोडक्ट्स को दिल्ली की तरफ पंप करने के लिए कुछ साल पहले दूसरी लाइन बीना से कोटा तक बिछाई गई थी।

जंगल, नदी और रेलवे क्रासिंग को पार कर निकलेगी लाइन
करीब 6 साल पुराने सर्वे के अनुसार पाइपलाइन का लगभग15 किमी का हिस्सा वन्य क्षेत्रों से भी होकर जाएगा। इसके अलावा दोनों राज्यों में पड़ने वाली बेतवा-यमुना समेत 13 छोटी-बड़ी नदी, 7 रेलवे क्रॉसिंग, 3 नेशनल हाईवे, 6 स्टेट हाईवे को क्रास कर ये पाइप लाइन अपने मुकाम यानी पनकी कानपुर पहुंचेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/work-on-petroleum-line-through-betwa-yamuna-will-start-from-september-15-127646437.html

No comments:

Post a Comment