खंडवा से जावर तक 32 किमी सड़क पूरी तरह गड्ढों से पट गई है। इस पर 8 माह पहले ही एमपीआरडीसी ने पैचवर्क कराया था। 55 लाख रुपए खर्च किए थे, लेकिन पहली बारिश में ही पाेल खुल गई। अब पूरे मार्ग पर गड्ढों में वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। कई बाइक चालक घायल हो चुके हैं। गड्ढों से त्रस्त जावर के कुछ युवाओं ने रविवार को 50 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे मुरम डालकर भरे। सोमवार को भी भरेंगे।
खंडवा-मूंदी मार्ग गड्ढों से पटने पर मांधाता क्षेत्र के लोगों ने तत्कालीन विधायक नारायण पटेल से शिकायत की थी। उन्होंने प्रयास कर सरकार से 55 लाख रुपए मेंटेनेंस के लिए स्वीकृत कराए। यह मार्ग दो साल पहले ही एमपीआरडीसी के अधीन चला गया था। यह राशि एमपीआरडीसी को दी गई। एमपीआरडीसी ने करीब 8 माह पहले मार्ग के गड्ढे भरने की औपचारिकता की। गड्ढे भरते समय भी भास्कर ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर समाचार प्रकाशित किए थे, लेकिन जैसे-तैसे काम खत्म कर दिया गया। इसका परिणाम पहली तेज बारिश में आमने आ गया।
पुनर्निर्माण की स्वीकृति: जल्द ही दोबारा होंगे निकालेंगे टेंडर
तत्कालीन विधायक नारायण पटेल ने बताया मैंने तत्कालीन कमलनाथ सरकार से दिसंबर 2019 में विभाग के माध्यम से खंडवा-मूंदी सड़क निर्माण की मांग रखी थी। सरकार ने रिनुवल के लिए 5.85 करोड़ रुपए स्वीकृत भी कर दिए। एमपीआरडीसी एक बार टेंडर निकाल भी चुका है, लेकिन एक भी एजेंसी ने रुचि नहीं दिखाई। अब दोबारा टेंडर निकाले जाएंगे। इससे पहले सड़क पैचवर्क के लिए भी 55 लाख रुपए स्वीकृत कराए थे। एमपीआरडीसी के एजीएम प्रतीक शर्मा ने बताया रिनुवल के लिए टेंडर लगे हुए हैं। अभी टेंडर ओपन नहीं हुए हैं। एक बार पहले हुआ था तो कोई एजेंसी नहीं आई थी। नवंबर-दिसंबर तक ही पता चलेगा।
4 घंटे में भरे 5 किमी के गड्ढे
जावर के प्रतीक सातले, संदीप राठौर, राजू सातले, पिंटू पाल, अनवर मंसूरी, आनंद यादव, सोनू राव सहित अन्य युवा रविवार दोपहर 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में मुरम भरकर निकले। उन्होंने पेट्रोल पंप से बल्दी नाला पुल तक के गड्ढों में मुरम डाली। 4 बजे तक उन्होंने 5 किमी में 50 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे भर दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/in-eight-months-the-pits-filled-with-the-cost-of-55-lakh-were-uprooted-now-the-youth-of-the-village-are-filling-them-127646424.html
No comments:
Post a Comment