भास्कर संवाददाता | उनाव
कुम्हरिया गांव से सिमिरिया पहुंचने के लिए बरसात के मौसम में मुसीबत बनने वाले नाले की समस्या से अब स्थानीय लोगों को निजात मिल गई है। ग्राम पंचायत ने नाले पर रपटे का निर्माण करा दिया है। रपटा बनने से लगभग आधा दर्जन गांव के लोगों का आवागमन सुलभ हो गया है। वहीं रेलिंग नहीं लगाए जाने से लोगों को हादसे की आशंका बनी हुई है।
दतिया विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिमिरिया की आबादी पांच हजार से अधिक है। इस ग्राम पंचायत से दो गांव कुम्हरिया व जनकपुर जुड़े है। जबकि एक बसाहट आदिवासी डेरा डाबर की बरिया भी इसी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आती है। कुम्हरिया एवं जनकपुर गांव को जोड़ने बाली सड़क पर नाला निकला हुआ था। पहले बरसात के मौसम में यह नाला लोगों के लिए मुसीबत बन जाता था। लेकिन पिछले एक दशक पहले राजघाट नहर परियोजना के शुरू होते ही यह नाला पूरे आठ महीने पानी से लबालब भरा रहता था। बरसात हो या सर्दी दोनों समय लोगों को ग्राम पंचायत स्थल सिमिरिया तक पहुंचना किसी मुसीबत से कम नहीं था। इन दोनों गांव को सेवा सहकारी समिति की दुकान भी कामद गांव से संचालित है। इसीलिए हर महीने राशन के लिए लोगों को नाला पारकर कामद गांव जाना पड़ता था। ग्रामीणों द्वारा कई बार सरपंच मंजू कप्तान सिंह दांगी से इस संबंध में शिकायत भी की। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए नाले का निर्माण कराया गया। हालांकि नाला निर्माण के लिए पंचायत ने पहले राजघाट नहर परियोजना में संपर्क किया। लेकिन यहां बात नहीं बनी। जिसके बाद ग्राम पंचायत नाले पर रपटे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी। वर्तमान में रपटा बनकर तैयार हो चुका है। रपटा बनने से अब जनकपुर, कुम्हरिया, सिमिरिया, कामद, सरसई, तरगुवा के लोगों को बड़ी परेशानी से निजात मिल गई हैं। अब इन गांव के लोग अपने वाहनों से फर्राटा भरकर गंतव्य की ओर रवानगी डाल रहे है।
नहीं लगाई रेलिंग, राहगीरों को है हादसे की आशंका
ग्रामीणों की मांग पर ग्राम पंचायत रपटे का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन रपटे के ऊपर रेलिंग नहीं लगाई गई। चूंकि इस रपटे का इस्तेमाल कुम्हरिया के अलावा आधा दर्जन गांव के लोग करते हैं। निकलने वाले दुपहिया वाहन की संख्या भी अच्छी खासी रहती है। चूंकि यहां रेलिंग नहीं है, वहीं रात के वक्त यहां अंधेरा रहता है। ऐसे में वाहन चालकों की थोड़ी सी असावधानी हादसे का सबब बन सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-rummage-built-on-kumhariya-drain-people-will-be-easily-in-traffic-there-is-no-possibility-of-accident-due-to-lack-of-railings-071014-6004703.html
No comments:
Post a Comment