Monday, August 24, 2020

बांस के सहारे बिजली विभाग दौड़ा रहा करंट

आदिवासी अंचलों में आजादी के 73 साल बाद भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। तहसील मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर बसे ग्राम मेहलू में बांस व लकड़ी की बल्ली के सहारे बिजली कनेक्शन घरों तक पहुंचाया जा रहा है। इन बल्लियों में लटके तार से भी कभी भी हादसा हो सकता है। लाेगों को बिजली कनेक्शन के लिए बांस-बल्लियों का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार लगातार अनदेखी कर रहे हैं। गांव के अनोखीलाल, गणेश धुर्वे, जुआरीलाल इवने, सुरेश धुर्वे, सुभाष मार्को, सतीश विजयकर ने बताया करीब 2 साल पहले ग्राम राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत केबलीकरण का कार्य किया जा रहा था, तब हमारे घरों तक बिजली के खंभे लगाने के लिए ठेकेदार से कई बार मिन्नतें की। किंतु ठेकेदार ने संबंधित क्षेत्र में चट्टानें होने का बहाना बनाकर ग्रामीणों को बल्लियों के सहारे अपने घरों तक बिजली ले जाने की सलाह दे डाली और मौके से ग्रामीणों को चलता कर दिया। थक हार कर ग्रामीणों ने अंधेरे से निजात पाने के लिए बल्लियों के सहारे ही अपने घरों तक बिजली ले गए।
फोन नहीं उठाते हैं एई और जेई
क्षेत्र के लोग बिजली समस्याओं के साथ कंपनी के जेई और एई की मनमानी से भी परेशान है। जब लोग विद्युत संबंधी शिकायतें आने के बाद बिजली कंपनी के एई परमानंद आशापुरे और रोशनी केंद्र के जेई शरद शर्मा को मोबाइल लगाकर संपर्क करने का प्रयास करते है तो वे फोन नहीं उठाते और जब फोन उठाते भी तो ग्रामीणों को संतोषजनक जबाव नहीं दे पाते। जिससे लोग परेशान होते हैं। वहीं लाइनमैन के भी यही हाल है। ग्रामीणों ने बताया घंटों बिजली बंद रहने और फाल्ट सुधारने के लिए जब लाइनमैन नहीं मिलता तो लोग स्वयं ही अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली के खंभों पर चढ़ जाते हैं।
खंडवा से अपडाउन करते है जेई
रोशनी विद्युत वितरण केंद्र के जेई शरद शर्मा रोजाना खंडवा से अप-डाउन करते हैं। ऐसे में आधा समय तो उनका अप डाउन में ही बीत जाता है। जबकि कोरोना काल में शासन के स्पष्ट निर्देश है कि संबंधित अधिकारी अपने मुख्यालय पर ही रहकर व्यवस्था संभालना है। लेकिन अपडाउन करने के कारण और क्षेत्र बड़ा होने की वजह से समय रहते संबंधित क्षेत्रों में नहीं पहुंच पाते है। इस कारण विद्युत संबंधी समस्याओं से लोगों को परेशानी हो रही हैं।
जेई पर करेंगे कार्रवाई
ग्रामीण आवेदन दे तो समस्या का निराकरण करेंगे। लापरवाही करने वाले जेई पर कार्रवाई की जाएगी।
आरके दाने,डीई विद्युत वितरण कंपनी, खंडवा



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/electricity-department-running-current-with-the-help-of-bamboo-127649839.html

No comments:

Post a Comment