नगर में सोमवार को लॉकडाउन के दौरान सड़क पर वाहन सवार बिना कारण के घूम रहे थे। लोगों को घरों में रहकर रक्षा बंधन का त्योहार मनाने की समझाइश देने एसडीएम सीएल चनाप, तहसीलदार सुधीर जैन, थाना प्रभारी रमेश पिपलोदिया सहित पुलिसकर्मी सड़कों पर निकले। इस दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आए। यह देख एसडीएम चनाप ने वाहन सवारों को रोका और घूमने का कारण पूछा।
कोई भी वाहन सवार घूमने के पीछे का उचित कारण नहीं बता सका। ऐसे में एसडीएम चनाप ने कहा आप लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से बचें इसके लिए प्रशासन ने लॉकडाउन लगाया है। लॉकडाउन का पालन हो इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी निरंतर ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बाद भी लोग उल्लंघन कर रहे हैं। समझाइश का असर नहीं होने पर जुर्माना वसूलने की भी कार्रवाई की गई। इसके बाद भी लोग बिना कारण के घरों से बाहर निकल रहे हैं।
सोशल डिस्टेंस और मास्क का भी उपयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। तहसीलदार सुधीर जैन ने कहा क्षेत्र में लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। इसके बाद भी लोग इसको लेकर गंभीर नहीं हो रहे हैं। सोशल डिस्टेंस और मास्क का उपयोग नहीं किया तो कोरोना वायरस के संक्रमण से बचना मुश्किल हो जाएगा।
टीम गांवों में जाकर दे रही सोशल डिस्टेंस व मास्क लगाने की समझाइश
एसडीएम सीएल चनाप ने बताया कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में टीम गठित की है। टीम के सदस्य बाहर से आए लोगों को होम क्वारेंटाइन करने के साथ ग्रामीणों को सोशल डिस्टेंस और मास्क का उपयोग करने की समझाइश दे रहे हैं। बाहर से आने वाले लोग होम क्वारेंटाइन में नहीं रहते हैं और बाहर घूमते हैं तो कार्रवाई भी की जा रही है। इसके साथ महाराष्ट्र सहित अन्य नगरों से जिले में प्रवेश करने वालों की जानकारी खंबारा टोल प्लाजा और गौनापुर चौकी पर ली जा रही है।
हेटी का युवक कोविड केयर सेंटर से स्वस्थ होकर घर लौटा
नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मिलने के साथ कोविड केयर सेंटर में भर्ती स्वस्थ होकर घर भी लौट रहे हैं। सोमवार को हेटी निवासी युवक को कोविड केयर सेंटर से डिस्चार्ज किया गया। बीएमओ डॉ. पल्लव ने बताया हेटी निवासी युवक गुजरात से गांव आया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसे कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया था। दस दिन तक कोविड केयर सेंटर में भर्ती रहने के बाद युवक के स्वस्थ होने पर उसे घर भेजा गया। बीएमओ ने बताया वर्तमान में कोविड केयर सेंटर में 7 लोग भर्ती हैं। अब तक कुल 630 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से 27 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 12 लोगों की रिपोर्ट आना शेष है। 591 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अंबेडकर वार्ड में बनाया कंटेनमेंट एरिया, रात में किया निरीक्षण
नगर के आंबेडकर वार्ड में 25 वर्षीय युवा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। युवक को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया है। युवक के घर पहुंच मार्ग को कंटेनमेंट एरिया बनाया गया है। कंटेनमेंट एरिया में रहने वालों को घरों से बाहर नहीं निकलने और आम लोगों को भी कंटेनमेंट एरिया में नहीं जाने की समझाइश दी।
रविवार रात को तहसीलदार सुधीर जैन, बीएमओ डॉ. पल्लव अमृतफले और मलेरिया निरीक्षक दिवाकर किनकर ने नगर में बनाए गए कंटेनमेंट एरिया का निरीक्षण किया। कंटेनमेंट एरिया में रहने वाले लोगों से चर्चा भी की। बीएमओ डॉ. पल्लव ने बताया आंबेडकर वार्ड निवासी युवक भोपाल से आया था। 30 जुलाई को सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया है। युवक के संपर्क में आए लोगों के भी संपर्क लिए जा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/multai/news/we-are-constantly-working-to-protect-you-from-infection-you-are-giving-out-invitations-sdm-127583160.html
No comments:
Post a Comment