Wednesday, August 5, 2020

मंदिरों में जय सियाराम का गूँँजा उद्घोष घरों में मना दीपोत्सव

श्री राम मंदिर निर्माण का भव्य शुभारंभ अयोध्या धाम में हुआ, लेकिन संस्कारधानी का माहौल भी अयोध्यापुरी से कम नहीं रहा। चाहे बच्चें हों या बुजुर्ग सबकी जुबान पर सियाराम के जयकारे गूँजते रहे। मंदिरों में भक्तों ने इस शुभ अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन, यज्ञ, हवन, पाठ, अखण्ड कीर्तन किए। इसके साथ भगवान के जयकारे भी गूँजते रहे। घरों में लोगों ने सुंदरकाण्ड, हनुमान चालीसा का पाठ किया तो वहीं शाम को शहर में मंदिरों व घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। शहर में जगह-जगह श्रीरामधुन चलती रही। शहर के भक्तों में भारी उल्लास और उमंग दिखा।

यज्ञ हवन
गायत्री धाम सुहागी में डॉ. स्वामी विनेश्वरानंद महाराज ने यज्ञ हवन किया। शाम को आश्रम में बड़े उल्लास के साथ दीप यज्ञ किया गया। आश्रम को 108 दीपों से सजाया गया। इसके साथ ही श्री राम नाम संकीर्तन किया गया।
महाआरती
आचार्य परिषद जाबालिपुरम श्री राम दरबार की वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ महाआरती पं. रोहित तिवारी, आचार्य धर्मेन्द्र द्विवेदी, डॉ. अर्जुन पांडेय, पं. तरुण द्विवेदी, प्रशांत तिवारी, मनीष चौबे, आशीष आदि की उपस्थिति में की गई।
दीपोत्सव
विवेकानंद नगर स्थित राम मंदिर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुरेंद्र तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, राजेश तोपखाने वाले, आरएस ठाकुर, संदीप श्रीवास्तव, मानस आदि उपस्थित थे।

पराम्बाधाम में सुंदरकाण्ड

आचार्यों द्वारा पराम्बाधाम में सुंदरकाण्ड का पाठ डॉ. बालगोविंद शास्त्री के सान्निध्य में आचार्यों द्वारा किया गया। इस दौरान संकल्प लिया गया कि जब तक श्री राम लला का मंदिर निर्माण नहीं हो जाता और प्रभु श्री राम मंदिर में विराजमान नहीं हो जाते तब तक पराम्बाधाम में निरंतर अनुष्ठान पूजन चलते रहेंगे। सुन्दरकाण्ड पाठ पण्डित राजीव लोचन त्रिपाठी, रामफल शुक्ल, गोकर्ण शास्त्री, रविशंकर पाठक द्वारा किया गया।

हनुमान चालीसा का पाठ

जगदगुरु स्वामी राघवदेवाचार्य महाराज अपने चातुर्मास में होने के कारण अयोध्या धाम नहीं पहुँच सके। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर स्नेह नगर में उत्तर काण्ड, सुंदरकाण्ड और हनुमान चालीसा का पाठ पुजारी गणों के साथ किया गया। इस दौरान महाराज जी ने कहा कि आज का शुभ दिन राम भक्तों के त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है।


मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द्र से सम्बल से हो रहा है। मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।

गायत्री शक्तिपीठ में दीप महायज्ञ

गायत्री परिवार जबलपुर द्वारा 21 सौ से अधिक घरों में 11-11 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। गायत्री शक्तिपीठ मनमोहन नगर में 501 दीप प्रज्ज्वलित कर दीप यज्ञ के माध्यम से गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र की आहुतियाँ दी गईं। साथ ही पावन कार्य को शीघ्र सफल करने एवं मंदिर बनाने के लिए भगवान से प्रार्थना की गई। गायत्री परिजनों द्वारा श्री राम धुन एवं अन्य भजनों का भी आयोजन किया गया। भक्तों ने जय श्रीराम के नारे लगाए साथ ही अयोध्या जाकर अपना योगदान प्रदान करने का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम पुष्पेंद्र एवं भास्कर तिवारी ने संपन्न कराया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/jai-siyarams-euphoria-in-temples-celebrated-festival-in-homes-127589914.html

No comments:

Post a Comment