Friday, August 7, 2020

जलीय जीवों और पक्षियों की मौत का कारण बन रहा सतपुड़ा जलाशय की सतह पर तैरता ऑयल

तवा नदी पर बने सतपुड़ा जलाशय की सतह पर तैरता आयल जलीय जीवों और पक्षियों की मौत का कारण बन रहा है। शुक्रवार को पानी की सतह पर 4 पक्षी जिंदगी और मौत से जूझते पाए गए। इन पक्षियों के पानी में गोते लगाने के बाद सतह पर पंख में ऑयल चिपक गया। इसके चलते पक्षी उड़ान नहीं भर पाए और पानी की सतह पर तड़पते रहे। मौके पर पहुंचे वन्यजीवों के संरक्षण के लिए काम करने वाले आदिल खान ने पक्षियों को बाहर निकालकर इसकी सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद पशु चिकित्सालय ले जाकर पक्षियों का उपचार कराया। बावजूद इसके 3 पक्षियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पक्षियों के पंख में आयल चिपकने के अलावा मुंह में भी आयल चला गया था।

इस वजह से पक्षियों की मौत हुई है। आदिल बताते हैं कि जलाशय के बड़े भाग में 3 अगस्त से आयल फैला है। इस मामले की बारीकी से जांच की जाए तो कई वन्यजीव प्रदूषित पानी की वजह से मौत के मुंह में समाए मिल जाएंगे। पावर प्लांट के सीएचपी से बड़ी मात्रा में ऑयल सतपुड़ा जलाशय में बहने का मामला 3 अगस्त को प्रकाश में आया। मामले को लेकर पीपल फॉर एनिमल यूनिट सारनी के अध्यक्ष आदिल खान ने वीडियो बनाया और संबंधित विभागों में शिकायत की। 7 अगस्त को जलाशय का निरीक्षण करने पहुंचे आदिल खान को सतपुड़ा जलाशय में ऑयल में फंसा हुआ पक्षी नजर आया।

इस पर उन्होंने वन विभाग को सूचना दी और जलाशय के आसपास जहां-जहां ऑयल था उन स्थानों का निरीक्षण किया। ऑयल की सफाई कर रहे मजदूरों के पास से भी ऑइल में डूबा हुआ एक पक्षी मिला। इसके सिवा जलाशय के आसपास दो पक्षी और मिले। कुल मिलाकर 4 पक्षी ऑयल में डूबे हुए मिले।

सतपुड़ा जलाशय में ऑयल बहाने के मामले में संबंधित दोषी अधिकारियों को सस्पेंड किया जाना चाहिए और जल्द सतपुड़ा जलाशय की सफाई कराई जानी चाहिए। अन्यथा ऑयल से जलाशय और वन्यजीवों को बहुत नुकसान होगा।
आदिल खान, अध्यक्ष, पीपल फॉर एनिमल्स यूनिट सारनी

जलाशय में ऑयल पहुँचने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। तीन दिनों से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पानी की सतह पर तैरता ऑयल नाव की मदद से मजदूरों द्वारा निकाला जा रहा है।
अमित बंसोड़, पीआरओ, सतपुड़ा पावर प्लांट सारनी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/sarni/news/oil-floating-on-the-surface-of-satpura-reservoir-causing-death-of-aquatic-organisms-and-birds-127596987.html

No comments:

Post a Comment