कोरोना संक्रमित महिला की शनिवार को इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद सोमवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इंदौर में लिए सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं परिजनों को होम क्वारंटाइन किया है। जिले में मृतकों की संख्या अब 9 हो गई है। जानकारी के अनुसार ठीकरी तहसील के ग्राम सेगवाल की 65 वर्षीय महिला का 5 अगस्त को स्वास्थ्य खराब हुआ था।
मृतका के लड़के ने बताया सांस लेने में तकलीफ होने व बुखार आने से ठीकरी स्वास्थ्य केंद्र पर सामान्य जांच हुई थी। लेकिन कोरोना सैंपल नहीं लिया गया। दूसरे दिन यानी 6 अगस्त को भी सैंपल नहीं लेने पर परिजन अंजड़ ले गए। यहां उनका सैंपल लिया गया। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इलाज के लिए बड़वानी भेजा गया था। जहां से उनकी हालत खराब होने पर 7 अगस्त की रात को इंदौर रैफर किया था।
उन्होंने बताया इंदौर में इलाज के दौरान 8 अगस्त की सुबह उनकी मौत हो गई। सीएमएचओ डॉ. अनीता सिंगारे ने बताया महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें ठीकरी से इंदौर रैफर किया था। इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को जारी हेल्थ बुलिटिन के अनुसार जिले में 2 नए संक्रमित मिले। कुल मिलाकर जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 902 हो गई है।
एक कैदी की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
पलसूद | वार्ड क्रमांक 15 के सिकलीगर फलिया के 35 वर्षीय व्यक्ति को 7 अगस्त को सेंधवा कोर्ट में पेश किया गया था। जानकारी के अनुसार 1 माह पहले पलसूद में एएसपी सुनीता रावत के निर्देशन में अवैध हथियार पकड़ने की कार्रवाई हुई थी। इस मामले व एक अन्य मामले में यह व्यक्ति सेंट्रल जेल बड़वानी में बंद था। इसको लेकर 7 अगस्त को सेंधवा की शहर थाना पुलिस ने एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया था। 8 अगस्त को सरकारी अस्पताल सेंधवा में सैंपल दिया था। इसके बाद उसे जेल भेज दिया था। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
धार्मिक कार्यों और त्यौहारों के सार्वजनिक त्योहारों पर रोक
गृह विभाग ने कोविड-19 से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसी भी धार्मिक कार्य या त्यौहार का सार्वजनिक स्थलों पर आयोजन नहीं किया जाएगा। न ही कोई धार्मिक जुलूस या रैली निकाली जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर मूर्ति, झांकी या ताजिये स्थापित नहीं किए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव गृह एसएन मिश्रा ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश जारी किए है। साथ ही धार्मिक/उपासना स्थलों पर कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर एक समय में 5 से अधिक व्यक्ति एकत्र न हो। फेस कवर और सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन किया जाए। 15 अगस्त पर राज्य शासन द्वारा प्रसारित निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सजवानी के मॉडल स्कूल की पहली मंजील को बनाया अस्थाई जेल
कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी शिवराजसिंह वर्मा ने कोरोना वायरस के मद्देनजर मॉडल स्कूल सजवानी की पहली मंजील के 3 बड़े हाल को कोविड कैदियों के इलाज के लिए अस्थाई जेल घोषित किया है। उन्होंने केंद्रीय जेल अधीक्षक डीएस अलावा को अस्थाई जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था जेल बल के माध्यम से और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के माध्यम से करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सीएमएचओ के माध्यम से करवाने के निर्देश दिए।
16 संक्रमितों को मिली अस्पताल से छुट्टी
जिले में 24 घंटे में 2 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस तरह अब संक्रमितों का आंकड़ा 902 पर पहुंच गया है। वहीं 16 संक्रमितों की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी हुई है। जबकि वहीं अब जिले में एक्टिव केस 269 हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/barwani/news/corona-infected-woman-died-in-indore-number-of-dead-9-127606756.html
No comments:
Post a Comment